
प्रत्येक गांव पर आएगा 19 हजार का अनुमानित खर्च
गाडरवारा। गांवों में कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए करीब 100 गांवों को सोडियम हाइपोक्लोराइड से सेनेटाइज किया जाएगा। प्रत्येक गांव की गलियों, घरों के द्वार, दरवाजों का शुद्धिकरण होगा। यह अभिनव पहल नर्मदा शुगर मिल सालीचौका करने जा रही है। इसके अंतर्गत प्रत्येक गांव पर 10 हजार रुपए के लगभग खर्च अनुमानित है। इस तरह प्रबंधन करीब 10 लाख रुपए से गांवों को सेनेटाइज करने जा रहा है। मिल के डायरेक्टर विनीत माहेश्वरी ने गन्ना किसानों को भेजे अपने संदेश में बताया कि फिलहाल कोरोना की कोई वैक्सीन नहीं है। इसलिए वर्तमान में अपने परिवेश को सेनेटाइज करना ही प्रभावी है। इसलिए मिल के अंतर्गत आने वाले करीब 100 गांवों में प्रबंधन खुद के खर्चे पर सोडियम हाइपोक्लोराइड की खेप मंगा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि प्रबंधन ने प्लास्टिक की बड़ी टंकियों के जरिये इसे बुलाया है। यह केमिकल सिर्फ प्लास्टिक की टंकियों में ही सहेजा जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों से अपने ऐसे ट्रेक्टर उपलब्ध कराने का आग्रह किया जिसमें पंप की सुविधा हो। ट्रेक्टर के लिए मिल प्रबंधन डीजल की भी व्यवस्था करेगा। इस केमिकल का छिड़काव गांव की गलियों में किया जाना सुनिश्चित हुआ है। माहेश्वरी ने बताया कि जब जिस गांव में इस केमिकल का छिड़काव होगा उसके पूर्व संबंधित शासकीय अधिकारी को पहले ही सूचित कर दिया जाएगा। ताकि उनकी मौजूदगी में दवा का छिड़काव हो सके। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो वह अन्य फैक्टरी प्रबंधकों को भी अपने दायरे में आने वाले गन्ना उत्पादक गांवों को इस तरह से सेनेटाइज कराने का आग्रह करेंगे।
Published on:
18 Apr 2020, 4:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.