गाजियाबाद। डासना इलाके में निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने के बाद राहत और बचाव कार्य अभी तक जारी है। साथ ही गिरी हुई बिल्डिंग के पास बनी हुई एक अन्य 5 मंजिला अवैध बिल्डिंग को सील कर दिया गया है।यह सीलिंग की कार्रवाई जीडीए द्वारा की गई है। बिल्डिंग के गिरने से दो लोगों की मौत के बाद मेरठ मंडल की कमिश्नर अनीता मेश्राम ने सोमवार को घटनास्थल का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। यहां पहुंची कमिश्नर का कहना है कि पूरे मामले पर डीएम द्वारा कार्रवाई की जा रही है। मामले में अब तक 4 सुपरवाइजर निलंबित किए गए हैं। वहीं जेई और एई जिन्होंने अभी तक काम किया है, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा।