4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जंगलराज: कारोबारी का अपहरण कर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी

कारोबारी को ढूंढने के लिए क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की पांच टीमें गठित

2 min read
Google source verification
ghaziabad

गाजियाबाद। जिले में अपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते हैं। ताजा मामला थाना सिहानी गेट इलाके का है। वहां बदमाशों ने एक बड़े कारोबारी का अपहरण कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनके परिजनों को फोन कर दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। परिवार को धमकी मिली है कि यदि यह मामला पुलिस तक पहुंचा तो वे कारोबारी को मार देंगे। इसके आधार पर कारोबारी के परिजनों ने शुक्रवार को थाना सिहानी गेट में अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की करीब पांच टीमें गठित की गई हैं।

एक्सपोर्टर ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या

मोबाइल आ रहा है स्विच ऑफ

जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार अरोड़ा नाम के कारोबारी थाना कविनगर इलाके की गोविंदपुरम कॉलोनी में रहते हैं। उनकी थाना सिहानी गेट इलाके की बोंझा कॉलोनी में लोहा गलाने की फैक्ट्री है। गुरुवार रात अनिल कुमार अरोड़ा अपनी फैक्ट्री से घर के लिए निकले थे। अनिल कुमार अरोड़ा के नौकर ने बताया कि वह उसे कुछ देर में आने की बात कहकर एक गाड़ी में बैठकर चले गए गए थे। उसके बाद से अभी तक भी अनिल कुमार अरोड़ा का कोई अता-पता नहीं है। जानकारी के मुताबिक, उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। शुक्रवार को उनके परिजनों के पास एक फोन आया। उनसे कहा गया कि वह दो करोड़ रुपए लेकर अंबाला के स्टेशन पर आ जाएं। उसके बाद ही अनिल कुमार अरोड़ा को छोड़ा जाएगा।

पांच टीमें ढूंढ रही हैं कारोबारी को

अपहरणकर्ताओं द्वारा यह भी धमकी दी गई कि यदि 2 करोड़ रुपए की फिरौती वह नहीं देते हैं या इस मामले को पुलिस तक पहुंचाते हैं तो अंजाम बुरा होगा। परिजनों ने इस मामले की सूचना सिहानी गेट थाने में दे दी है। कारोबारी के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए अनिल कुमार अरोड़ा को खोजने के लिए पांच टीम तैयार की गई हैं। वहीं, कारोबारी के परिजन इस मामले में कुछ नहीं बोल रहे हैं। एसएसपी हरिनारायण सिंह का कहना है कि इस पूरे मामले में अभी कुछ भी बोलना जल्दबाजी होगा। फिलहाल क्राइम ब्रांच समेत 5 टीमें गठित कर दी गई हैं, जो कारोबारी की तलाश में जुट गई हैं।

Story Loader