गाजियाबाद. बिहार के मुजफ्फरपुर के शेल्टर होम में 34 बच्चियों के साथ बलात्कार की खबर के बाद अब गाज़ियाबाद में दो बच्चियों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ पहले रेप किया गया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। पहली घटना मुरादनगर के रावली रोड की है। जहां 9 साल के मासूम का शव मिला। बताया जा रहा है कि दोनों ही बच्चियां शुक्रवार से लापता थीं। वहीं, दूसरी बच्ची का शव खोड़ा इलाके में एक मकान के छत पर बोरी में मिली है। इस बात की आशंका है कि बच्ची के साथ रेप के बाद सबूत छुपाने के लिए बच्ची की हत्या कर दी गई। आदर्श नगर इलाके में बच्ची के घर के पड़ोस की छत पर बच्ची की लाश मिलने के बाद लोग सुबह के समय दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, बच्ची की लाश मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।