बृजभूषण सिंह आगामी 5 जून को अयोध्या में होने वाले जनचेतना कार्यक्रम को लेकर लगातार अपने संसदीय क्षेत्र के अलावा अन्य कई जनपदों में जनसभा कर लोगों से अयोध्या पहुंचने की अपील कर रहे हैं। बृजभूषण सिंह का दावा है कि आगामी 5 जून को अयोध्या में 11 लाख लोग संतों की वाणी को सुनेंगे।
अयोध्या में 5 जून को आयोजित जन चेतना महारैली को लेकर सांसद बृजभूषण सिंह ने बहराइच में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने अयोध्या में 5 जून को 11 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का आह्वान किया। उनके साथ एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी भी मौजूद रहीं। सम्मेलन में बृजभूषण प्रदर्शन कर रहे पहलवानों पर निशाना साधते हुए कहा कि सुबह इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ धरना शाम को यौन उत्पीड़न में बदल गया।
बहराइच में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कानून की कुछ धाराओं का दुरुपयोग हो रहा है। कुछ लोग इसे हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे आरोपों का अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि 18 जनवरी को कुछ बच्चे मेरे इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर धरने पर बैठ गए। शाम होते ही यह धरना यौन उत्पीड़न में बदल गया। उन्होंने कहा, अगर कोई भी आरोप साबित हुआ तो मैं स्वयं फांसी पर लटक जाऊंगा।
धरने पर बैठे खिलाड़ियों को न्याय प्रक्रिया और दिल्ली पुलिस पर नहीं भरोसा
बृजभूषण सिंह ने कहा कि धरने पर बैठे खिलाड़ियों को दिल्ली पुलिस और न्याय प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मेरे ऊपर मुकदमा दर्ज हो गया। उसी समय इन बच्चों को अपने घर चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा चूंकि यह प्रायोजित धरना है। इसलिए लगातार जारी है। इसमें कांग्रेस के कुछ नेताओं का हाथ है। हालांकि बृजभूषण सिंह हुड्डा परिवार पर कई मंचों पर आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मैंने ओलंपिक संघ जांच कमेटी को कैसेट सौंप दिया है। जिसमें बजरंग पुनिया एक लड़की मांग रहे हैं। जो आरोप लगा सके। और वह एक नाबालिग लड़की खोज लाए। उन्होंने कहा की कुछ लोग देश का माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं।
खिलाड़ियों के धरने में टुकड़े टुकड़े गैंग का क्या काम
बृजभूषण सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों के धरने में आप, कांग्रेस, किसान नेताओं और दिल्ली यूनिवर्सिटी के टुकड़े-टुकड़े गैंग का क्या काम। उन्होंने कहा कि कैकई और मंथरा की वजह से ही राम-राम हुए थे। वैसे ही आज विनेश फोगाट की वजह से कुछ अच्छा काम मेरे द्वारा होने वाला है। उन्होंने कहा कि जिस आरोप से चीफ जस्टिस नहीं बचे, डोनाल्ड ट्रंप नहीं बचे, जिस आरोप से कितने परिवार बर्बाद हो गए, कितने बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं। कितने संतों ने आत्महत्या कर ली है। इस बारे में सोचने पर मुझे लगा कि जो इस कानून का दुरुपयोग हो रहा है। उसे रोकने के लिए भगवान मुझ से काम लेना चाहते हैं। जो लड़कियां और महिलाएं हुनरमंद हैं। उन्हें भी इस कानून के कारण प्राइवेट सेक्टर में लोग काम देने में डरने लगे हैं। उन्होंने कहा कि यह मेरी अकेले की लड़ाई नहीं है। मैं सक्षम हूं, मुझ पर दया की जरूरत नहीं है। यह लड़ाई आपकी, हर व्यक्ति की और हर बच्चे के भविष्य की है।