Gonda: यूपी के गोंडा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक मां अपने दो बच्चों को लेकर घर में चारपाई पर लेटी थी। एक बच्चा एक वर्ष का और दूसरा 18 दिन का नवजात शिशु था। पलक झपकते ही नवजात शिशु गायब हो गया। अचानक हुई इस घटना को लेकर परिवार के साथ सुनने वाले भी हैरान हैं।
Gonda: गोंडा जिले के कौड़िया थाना के एक गांव में मां की गोद से 18 दिन का नवजात शिशु गायब हो जाने से हड़कंप मच गया है। परिजनों ने आसपास में तलाश करने के बाद जब बच्चा नहीं मिला तो इसकी सूचना पुलिस को दिया। अब ग्रामीणों के साथ पुलिस भी नवजात शिशु की खोजबीन करने में लग गई है।
यूपी के गोंडा जिले के कौड़िया थाना के गांव मिश्र कौड़िया के रहने वाले रवि मिश्रा की पत्नी संगीता देवी अपने दो बच्चों को लेकर रविवार की शाम करीब 8 बजे के आसपास लेट गई। जिसमें एक वर्ष का बेटा कन्हैया और 18 दिन का नवजात दोनों लेटे थे। इसी बीच मां को झपकी आ गई। पलक झपकते ही गोदी में सो रहा 18 दिन का शिशु अचानक गायब हो गया। आंख खुली तो बेटे को न पाकर मां चिल्लाने लगी। उसने बाहर निकाल कर आसपास के लोगों को बताया यह बात सुनकर सब लोग आवाक रह गए। ग्राम प्रधान शिव शंकर मिश्रा रवि मिश्रा सहित उनके साथ अन्य ग्रामीणों ने नवजात शिशु का काफी खोजबीन किया। लेकिन कोई पता नहीं चल सका। अचानक हुई इस घटना को लेकर गांव के लोग भी हैरान रह गए। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों के साथ आसपास के इलाके में काफी खोजबीन किया। लेकिन नवजात शिशु का पता नहीं चल सका। यह घटना पूरे क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। हर कोई नवजात शिशु के गायब होने की खबर का अपने-अपने तरह से अंदाज लगा रहा है। परिवार में मातम का माहौल है। मां का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों की सूचना पर कौड़िया पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर लिया है। पुलिस अपने स्तर से खोजबीन कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक बोले- गुमशुदगी दर्ज
थानाध्यक्ष कौड़िया योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। नवजात की तलाश के लिए पुलिस कर्मियों को लगाया गया है।