भाजपा किसान महाधिवेशन का शुभारंभ
भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे अमित शाह ने शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी सरकार की जमकर तारीफ करने के साथ सरकार की उपलब्धियां आंकड़ों के साथ गिनाई। उन्होंने विपक्ष पर खूब निशाना भी साधा।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन सबसे बड़ा ढकोसला है। इनके पास न नेता है न नीति है और न ही सिद्धांत है। अगर महागठबंधन सरकार में आई तो हफ्ते में हर रोज कोई नेता प्रधानमंत्री बनेगा। सोमवार को मायावती, मंगलवार को अखिलेश जी, बुधवार को चंद्रबाबू नायडू, गुरुवार को ममता बनर्जी, शुक्रवार को देवेगौड़ा और शनिवार को स्टालिन प्रधानमंत्री बनेंगे तो रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा।
गोरखपुर में किसान महाधिवेशन का शुभारंभ करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पिछले 35 सालों में किसान फसल बीमा की जितनी धनराशि बांटी गई उसके ढाई गुना नरेंद्र मोदी सरकार में पिछले चार सालों में बांटी गई। लेकिन दिग्विजय सिंह एंड कंपनी, राहुल बाबा एंड कंपनी, सपा-बसपा हमारा मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने यूरिया की कालाबाजारी खत्म कर दी। अब किसानों को आसानी से यूरिया उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय भी दुगुनी होगी। सब जानते हैं कि अगर फसल उत्पादन बढ़ेगा तो आय अपने आप दुगुनी हो जाएगी। मुक्त खेती और मुक्त व्यापार को आगे बढा़कर किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने का काम किया। किसी एक योजना को लागूकर किसानों का हित नहीं किया जा सकता है। मोदी सरकार ने एक के बाद एक योजनाओं को लागू कर किसानों को आर्थिक रूप से संबल दिया है।
उन्होंने कहा कि हमने मिट्टी की जांच कराने का काम किया। किसान की मिट्टी को लैब तक पहुंचाया। उसे स्वायल कार्ड उपलब्ध कराया।
उन्होंने कहा कि किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए किसान कार्ड में सत्तर प्रतिशत वृद्धि कराया। नरेंद्र मोदी की सरकार में देश की 500 मंडियों को ई-मंडी में तब्दील कराया। उन्होंने कहा कि किसान चैनल के माध्यम से वैज्ञानिक खेती के उपाय समाज के अंतिम किसान तक पहुंच रहा है यह बेहद सुखदायी है।
उन्होंने कहा कि पिछले बजट में नरेंद्र मोदी सरकार ने बहुत बडा फैसला लिया। अब देश के 13 करोड़ लघु और सीमांत किसानाों को छह हजार रुपये सलाना जाएगा। हम तीन किश्त वैज्ञानिक आधार पर दे रहे हैं। तीन फसल चक्र होते हैं। दो दो हजार हर फसल चक्र पर किसान को मिलेगा। लेकिन इस पर भी राहुल बाबा ने राजनीति किया। वह कहते हैं कि किसानों का ऋण माफ करो। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस ने 48 हजार करोड़ रुपये किसानों के माफ करने का वादा किया था लेकिन माफ हुआ 18 हजार करोड़। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने दस साल में 53 हजार करोड़ रुपये किसानों का माफ किया था। लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार ने साढे सात लाख करोड़ रुपये किसानों का माफ किया है। उन्होंने कहा कि देश में किसान मोर्चा का कार्यकर्ता हर घर में जाए और नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाएं बताए।
उन्होंने कहा कि भाजपा जो काम करती है वह वैज्ञानिक तरीके से करती है। हम वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ने वाले लोग हैं। भाजपा ने पशुपालन व मत्स्य पालन वालों को भी पहली बार आजादी के बाद किसान के्रडिट कार्ड का हिस्सा बनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि पहली बार आजादी के बाद हमने गौमाता के नस्ल के संवर्धन के लिए कामधेनु आयोग की शुरूआत करते हुए साढ़े सात हजार करोड़ रुपये दिए है।
आप आंकड़ों को याद कर किसान भाईयों-माताओं को बताएं
किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों को कहा कि आप भी आंकड़ों को याद करिए और उन आंकड़ों को जाकर किसानों को बताइए और कहिए कि यह महागठबंधन आपके लिए कुछ नहीं किया है जितना नरेंद्र मोदी सरकार ने किया है।
किसान के घर जाकर माताएं-बहनों से मांगकर चाय पीए
अमित शाह ने कहा कि आप किसान के घर जाकर माताओं-बहनों से चाय मांगकर पीए और उनको बताएं कि जब आप मिट्टी का घड़ा लेने जाते हो तो एक टकारा लगाकर उसको परखते हैं। प्रधानमंत्री चुनने जा रही हैं तो एक बार जरूर इसी तरह परखें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर किसानों के लिए सरकार द्वारा किए गए काम को बताएं। आंकड़ों को समझाएं।
ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को याद किया
अमित शाह ने कहा कि गोरक्षनाथ की पर आज किसान कुम्भ लगा है। गोरक्षनाथ की धरती केवल नाथ सम्प्रदाय के उन्नयन की धरती नहीं है। यह धर्मांतरण के खिलाफ देश भर को आंदोलित करने वाली धरती है। महंत अवेद्यनाथ इसके जीते-जागते उदाहरण थे। उन्होंने कहा कि महंत अवेद्यनाथ ने कुम्भ में बारे में व्यक्तिगत रूप से मेरा मार्गदर्शन किया।
थोड़ा धैर्य रखिए, सरकार जीरो टाॅलरेंस पर काम कर रही
भाजपाध्यक्ष अमित शाह ने पुलवामा आतंकी हमले पर बोलते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार जीरो टॉलरेंस पर कार्य कर रही है। थोड़ा धैर्य रखिये। यह सरकार गोली का जवाब गोला से देने या सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कार्रवाई करने में कोई संकोच नहीं किया। यहां से आतंकियों को सबक सिखाने वाली सरकार के हित में कार्य करते रहने का संकल्प लेकर जाना है।
राहुल पांच फसलों के नाम बता दें...
शाह ने कहा कि किसानों की मेहनत का परिणाम है कि आज भारत खुद के पैरों पर खड़ा है। किसान आर्थिक स्वावलंबन का आधार है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जिसे मालूम नहीं है कि आलू जमीन में भीतर होता है कि ऊपर होता है या फैक्ट्री में होता है वह भाजपा को किसानों की आय दोगुना करने पर मखौल उड़ाएगा। उन्होंने कहा कि वे खरीफ की पांच फसलों का नाम बता दें, उनसे सवाल करना बंद कर दिया जाएगा।