
सीएम योगी बोले, हार-जीत जीवन का हिस्सा है, हर हार के पीछे जीत छिपी होती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुश्ती राष्ट्रीय एवं अन्तराष्ट्रीय खेल है जो प्राचीन काल से ही गांव में त्योहारों एवं विशेष अवसरो पर होती आ रही है। गोरखपुर ने राष्ट्रीय-अन्तरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान दिये है जिससे जनपद का नाम रोशन हुआ है।
सीएम शनिवार को गोरखपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में पहुंचे थे। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में भारत भीम स्व. जनार्दन सिंह की स्मृति में सीनियर स्टेट कुश्ती चैम्पियनशिप को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने ‘खेलो इण्डिया खेलो’ के नाम पर खेल को प्रोत्साहित करने की शुरूआत की है। प्रदेश सरकार ने भी इस दिशा में बेहतर प्रयास किया है। गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेश के पदक प्राप्त खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि पुरूष खिलाड़ियो के लिए लक्ष्मण पुरस्कार तथा महिला खिलाड़ियों के लिए रानी लक्ष्मी बाई पुरस्कार के तहत पुरस्कार दिये जाने की व्यवस्था है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलाें के प्रति हमारे युवाओं के मन में एक अच्छा भाव पैदा हुआ हैं। प्रदेश के अन्दर नेशलन स्तर की भी प्रतियोगिता आयोजित होगी । उन्होंने यह भी बताया कि ओलम्पिक पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियो को राज पत्रित पद दिये जाने की व्यवस्था की गयी है। कहा कि खेल में जीत हार होती है जीत हार जीवन का हिस्सा है और हर हार के पीछे जीत छिपी होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशुद्ध खेल भावना के साथ साथ खेल की मर्यादा बनाकर देश के अधिकाधिक पदक जीत कर प्रतिभागी देश/प्रदेश का नाम बढ़ाये, ऐसी कामना है।
इस अवसर पर विधायक शीतल पाण्डेय, क्षेत्रीय अध्यक्ष डाॅ. धर्मेन्द्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, अन्र्तराष्ट्रीय पहलवान दिनेश सिंह, निदेशक खेल डाॅ.आरपी सिंह, जिलाधिकारी के. विजयेन्द्र पांडियन, एसएसपी शलभ माथुर, संयोजक आदित्य प्रताप, धीरज सिंह, हरीश आदि मौजूद रहे।
Published on:
18 Nov 2018, 2:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.