
घर-घर पाइपलाइन से गैस पहुंचाने के लिए शुरू परियोजना की पीएम मोदी ने रखी आधारशिला
पीएम मोदी ने सिटी गैस वितरण परियोजनाओं की आधारशिला गुरुवार को रखी। इसका वीडियोकांफ्रेंसिंग से प्रसारण किया गया। गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मौजूद रहे।
डीडीयू परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर, संतकबीरनगर एंव कुशीनगर में एक साथ इस परियोजना का शुभारम्भ हुआ है इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों मुरादाबाद, कानपुर देहात, इटावा, औरैया आदि जिलों में भी सिटी गैस वितरण के लिए टोरेन्ट गैस प्राइवेट लिमिटेड को अधिकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक गैस के प्रयोग से शुद्ध पर्यावरण में योगदान के साथ साथ स्वास्थ की दृष्टि से भी यह मुहिम काफी उपयोगी होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रदेश की आबादी इस सुविधा से आच्छादित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृतिक गैस एक बेहतर ईधन है क्योंकि कोयला और तरल ईधनों से सस्ता, सुरक्षित प्रदूषण रहित ईधन है। प्राकृतिक गैस का उपयोग होने पर रसोई घर में सिलेण्डरों को स्टोर करने की कोई आवश्यकता नही है, इस तरह से यह एक स्वच्छ पर्यावरण बनाने में सहायक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घरेलू उपयोग हेतु प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पाइपलाइन द्वारा (पानी की आपूर्ति के समान) की जायेगी। प्राकृतिक गैस एल.पी.जी. की तुलना में अल्प मूल्य है, औद्योगिक आपूर्ति के लिए प्राकृतिक गैस वितरण केन्द्र द्वारा साफ गुणवत्तापूर्ण एंव अबाध ईधन आपूर्ति किया जायेगा। प्राकृतिक गैस के माध्यम से रोजगार व कौशल विकास (प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना) के अवसर प्रदान किये जायेगे और नगर के विकास में सहयोग होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जवला योजना के तहत प्रदेश के लगभग 72 लाख से अधिक परिवारों को रसोई गैस का निशुल्क कनेक्शन दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले चरण का कार्य गोरखपुर में प्रारम्भ होगा तथा प्रदेश के अन्य जनपदों को भी इससे आच्छादित करने की व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि किसानों के आय को बढ़ाने के उद्देश्य से धुरियापार में 1200 करोड़ की लागत से एथेनाल प्लान्ट की स्थापना की भी कार्यवाही की जा रही है जिससे किसानों को उनकी फसल के अवशेषों का भी मूल्य मिलेगा और किसान खेतों में पुआल एवं फसल के अवशेषों को नही जलायेंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर विधायक डाॅ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने केन्द्र/प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में प्रकाश डाला।
इस मौके पर विधायक फतेह बहादुर सिंह, शीतल पाण्डेय, महेन्द्रपाल सिंह, संगीता यादव, संत प्रसाद, विपिन सिंह, राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अंजू चैधरी, महापौर सीता राम जायसवाल आदि मौजूद रहे।
Updated on:
23 Nov 2018, 10:00 AM IST
Published on:
23 Nov 2018, 10:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.