
बच्चो की लड़ाई बन गई बड़ों की मूछ का सवाल और बेमौत मारा गया एक निर्दोष, देखें वीडियो
ग्रेटर नोएडा। दो दबंग परिवारों के बच्चों की लड़ाई बड़ों की मूछों का सवाल बन गई और बेमौत मारा गया एक निर्दोष। दरअसल, पुलिस ने जब पाँच फरवरी को ग्रेटर नोएडा के गामा की मार्केट में स्थित एक रेस्टोरेंट पर हुए नीरज ठेकेदार हत्याकांड का खुलासा किया तो ये चौकाने वाली सच्चाई सामने आई।
पुलिस ने हत्याकांड के आरोपी दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अपनी जमानत तुड़वा कर जेल चला गया है। वहीं डस्टर कार लूट में शामिल अंकित अभी फरार है। इनके कब्जे से दो डस्टर कार, 2 तमंचा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सोनू और सुबोध भाटी को नीरज ठेकेदार की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
एसएसपी ने बताया कि जब आरोपियों से हत्या के बारे पूछताछ की गई तो चौकाने वाली सच्चाई सामने आई। दो परिवार के बच्चों के बीच लड़ाई बड़ों के आन की लड़ाई बन गई थी। कुछ दिनों पहले अवधेश के बेटे और अभियुक्त सुबोध भाटी के भाई की आपस में लड़ाई हो गई थी। दोनों एक ही स्कूल में 11वीं के छात्र हैं। उस झगड़े के बाद अवधेश ने सुबोध के घर जाकर धमकाया था। उसके बाद सुबोध भाटी ने अवधेश की हत्या का प्लान बनाया।
योजना को अंजाम देने के लिए 3 फरवरी को एक डस्टर गाड़ी 4 लोगों ने मिलकर छीनी। इस गाड़ी का प्रयोग 5 तारीख को अवधेश की हत्या के लिए किया जाना था। सुबोध भाटी अवधेश को नहीं पहचानता था। उसके पास अवधेश की सिर्फ एक फोटो थी। सुबोध अपने दो अन्य साथियों के साथ अवधेश की हत्या करने गया। संयोग से एवरग्रीन स्वीट्स के पास नीरज नाम का व्यक्ति खड़ा था। उसकी शक्ल फोटो से काफी मेल खा रही थी। बस, इसी गफलत में नीरज की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
वहीं हत्या की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। उसके आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कासना थाने के अध्यक्ष रामफल सिंह और स्टार-2 के प्रभारी यतेंद्र कुमार को लगाया गया। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नट की मड़ैया से दो आरोपियों सोनू उर्फ राहुल यादव और सुबोध भाटी को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले सूरजपुर थाना क्षेत्र के जुनपत निवासी अनित उर्फ तोता पुत्र चंद्रपाल सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि हत्या में शामिल तीनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि डस्टर कार लूट में शामिल अंकित जो दूजाना गैंग का शार्प शूटर है, अभी फरार है। पकड़े गए सभी आरोपी अनिल दुजाना गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। इनके कब्जे से दो डस्टर कार, 2 तमंचा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। ये लोग शातिर किस्म के बदमाश हैं और इनका काफी पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास है।
Published on:
20 Feb 2019 07:23 pm

बड़ी खबरें
View Allग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
वो आए और पांच हजार दे गए…इंजीनियर मौत मामले के चश्मदीद ने रुपये लेते हुए वायरल वीडियो को बताया फर्जी

