पानी सप्लाई के वक्त बिजली गुल, 12 हजार लोगों को झेलनी पड़ी दिक्कत
गुना. शहर के कई मोहल्ले, कॉलोनियों में बिजली की कटौती से लोग परेशान हैं। नलकूप से सुबह होने वाली जल सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा रात में बिजली चली जाने से लोग सुकून की नींद तक नहीं ले पा रहे हैं। गुरुवार सुबह शहर की एक दर्जन से अधिक कॉलोनी, मोहल्ले में बार-बार बिजली गुल होती रही। इससे सुबह की पेयजल सप्लाई प्रभावित हुई। शहर के आधा दर्जन से अधिक कॉलोनी और कैंट क्षेत्र के कई मोहल्ले, कॉलोनी में भी बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। इससे करीब 12 हजार लोगों ने पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। हालांकि जल प्रकोष्ठ विभाग ने बिजली आने के बाद में सप्लाई शुरू की। बार-बार बिजली जाने से लोगों का कहना है कि उनका कार्य प्रभावित हो रहा है। क्योंकि सुबह कामकाजी महिला, पुरुष अपनी ड्यूटी पर निकल जाते हैं। बाद में पानी सप्लाई का लाभ नहीं मिलता है। इधर बिजली कंपनी के एई रितिक गुप्ता का कहना है इंसुलेटर में खराबी आने की वजह से कुछ क्षेत्र में बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई थी। जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया है।
कैंट क्षेत्र में भी आती-जाती रही बिजली
कैंट क्षेत्र में भी सुबह से ही बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। सुबह 8 से 11 बजे तक इस क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। बताया जाता है कि कलेक्ट्रेट के पास ही एक फीडर पर काम चल रहा था। लेकिन यह काम भी अचानक शुरु किया गया। इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई। इस वजह से लूशन बगीचा, गोविंद गार्डन, कलेक्ट्रेट रोड और इसके आसपास की कॉलोनी में बिजली नहीं आई। इसके अलावा कैंट के विवेक कॉलोनी, मातापुरा सहित इसके आसपास लगी कॉलोनी में भी यह हाल थे। इन क्षेत्रों में भी सुबह बिजली प्रभावित हुई।
इन मोहल्लों में बार-बार होती रही बिजली गुल
शहर के पायगा फीडर क्षेत्र से जुड़े तकिया मोहल्ला, कोरी मोहल्ला, बताशा गली, छोटी मस्जिद गली, नई सड़क, राधेश्याम गली, धोबी मोहल्ला, संतोषी माता मंदिर गली, दुर्गा टॉकीज रोड सहित आसपास के कई क्षेत्रों में बुधवार सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच 4 बार बिजली गुल हुई। इससे इन सभी क्षेत्रों में जल सप्लाई प्रभावित हुई। सुबह नल आए फिर बिजली चली गई। इससे लोग परेशान हुए।
-
ढाई घंटे देरी तक चली सप्लाई
बिजली की कटौती के कारण ढाई घंटे देरी तक सप्लाई चली। जल प्रकोष्ठ का कहना था कि सुबह 5 बजे से सप्लाई शुरू होकर 1 बजे तक चलती है। अगर इस अवधि में बिजली चली जाती है तो फिर यह 3 से 4 बजे तक नलकूप से जगह-जगह जल सप्लाई देनी होती है। बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की वजह सिर्फ बिजली का बार-बार जाना है। अगर इसे ठीक कर दिया जाए तो परेशानी नहीं होगी। जबकि मैन सप्लाई तो सुबह 6 बजे से चालू ही रहती है। जिन इलाके में बिजली जाती है, वहां पानी समय पर लोग नहीं भर पाते हैं।