
गुना रेलवे स्टेशन को मिली खेल इंस्टीटयूट की सौगात
गुना. शहरवासियों को मॉर्निंग वॉक व एक्सरसाइज के लिए एक्यूप्रेशर पार्क के रूप में एक नई सौगात रेलवे ने दी है। साथ ही रेलवे स्टेशन पर वेटिंग रूम व खेल इंस्टीट्यूट का शुभारंभ भी कर दिया गया है। जल्द ही प्लेटफार्म नंबर एक का चौड़ीकरण कर रेंप व दूसरा एफओबी भी बनवाया जाएगा। इसका प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है।
बिजली की खपत करने लगाए जाएंगे प्रीपेड मीटर
शनिवार को जीएम अजय विजयवर्गीय गुना रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहांं उन्होंने एक्यूप्रेशर पार्क, खेल इंस्टीटयूट व वेटिंग रूम का शुभारंभ किया। साथ ही बिजली की खपत कम करने के लिए प्री पेड मीटर लगाए जाने की बात कही। जिसके तहत बिजली का उपयोग करने के लिए मोबाइल की तरह रिचार्ज कराना होगा।
प्लेट फार्म एक पर केंटीन व भोजनालय के लिए प्री पेड मीटर लगाया गया है। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन व परिसर में व्यवस्थाओं को जांचा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दुर्घटना राहत यान को भी देखा। जिसे आधुनिक बनाया गया है। इस यान का उपयोग ट्रेन दुर्घटना में घायलों को तत्काल इलाज देने के लिए किया जा सकेगा।
उन्होंने राहत यान में आग बुझाने के उपकरण, ट्रेन कटर, जैक, मेडिकल किट आदि का भी जायजा लिया। जीएम का निरीक्षण करीब दो घंटे तक चला। इसके बाद वे महूगढ़ा, विजयपुर, रुठियाई, चाचौड़ा-बीनागंज, कुंभराज व राघौगढ़ स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। रुठियाई रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की चौकी का शुभारंभ किया और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस मौके पर जीएम के साथ डीआरएम शोभन चौधरी भी मौजूद रहे।
बंद नहीं होगी गुना-बीना पैसेंजर
दोनों अधिकारियों ने रेलवे के कर्मचारियों व यात्रियों से भी चर्चा कर उनसे समस्याएं जानकर सुझाव भी लिए। इस दौरान रेल कर्मचारी संगठनों ने मांग पत्र के जरिए अपनी समस्याएं बताईं तथा यात्री सेवा संगठन ने गुना-बीना पैसेंजर को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिस पर जीएम ने कहा कि अब पैसेंजर बंद नहीं होगी। यही नहीं उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सुबह 3 बजे से 10 बजे के बीच भी ट्रेन चलाने पर विचार किया जा रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि एआरटी ट्रेन होने के बाद भी डॉक्टर और अस्पताल में सुविधा नहीं है। 80 किमी क्षेत्र में अस्पताल होना चाहिए, लेकिन गुना में स्थाई डाक्टर भी नहीं है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि रेल लाइन दोहरीकरण का काम मार्च 2020 तक 80 प्रतिशत होने की उम्मीद है। साथ ही गुना में रेल कर्मचारियों के नए आवास बनाने की योजना भी तैयार कर रहे हैं।
पेयजल समस्या दूर करने यह है प्लान
प्रेस वार्ता के दौरान रेलवे के डीईएन ऋषि कुमार यादव ने एक सवाल के जवाब में बताया कि इसके लिए हमने प्लान बनाया है और उसका प्रस्ताव भी ऊपर भेजा है। उक्त प्लान के तहत रेलवे स्टेशन व रेलवे कॉलोनी में पानी की समस्या का हल निकालने के लिए सिंध से पानी लाने की योजना पर विचार चल रहा है। हमने नगरपालिका की पुरानी लाइन को खरीदने का प्रस्ताव भेजा है। उसके रिपेयरिंग के बाद सिंध नदी से रेलवे को पानी मिल सकेगा।
नपा ने नई पाइप लाइन बिछाने के बाद पुरानी को छोड़ दिया है। इसे रेलवे खरीद कर उपयोग में ले सकता है। साथ ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर चौड़ीकरण के साथ रेंप व अतिरिक्त एफओबी बनाने का प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। रेलवे कॉलोनी को प्राईवेट कंपनी की कॉलोनी की तरह बनाने की बात भी उन्होंने कही। केंटीन पर बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता व रेट को लेकर पैदा होने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था की गई है।
इन सुविधाओं का जीएम ने किया लोकार्पण
वेटिंग रूम : प्लेट फार्म एक पर पुराने प्रतीक्षालय को एयरपोर्ट पैटर्न पर तैयार किया है। आकर्षक टाइल्स के साथ यात्रियों को बैठने कुर्सी लगाई हैं। वेस्टर्न स्टाइल की टायलेट बनाई है। पुराने वेटिंग रूम की स्थिति बताने के लिए फोटोग्राफ्स भी लगाए गए हैं।
रेलवे इंस्टिट्यूट : साइकिल स्टैंड के पास वर्षों से खाली पड़ी जमीन पर रेलवे इंस्टिट्यूट तैयार किया गया है। यहां जीएम ने फीता काटकर शुभारंभ कराया और खुद बेडमिंटन खेला। इसके बाहर परिसर को भी सुंदर बनाने पेंटिंग और रोड बनाई है।
चिल्ड्रन पार्क : कचरे के स्थान पर जन सहभागिता से पार्क विकसित किया। पार्क में एक्यूप्रेशर वाली टाइल्स लगाई गई हैं। नाली के गंदे पानी को साफ करने फिल्टर लगा है। इससे पूरे पार्क में पानी सप्लाई होगा। पार्क के निर्माण सहयोग करने वालों के द्वारा पार्क का लोकार्पण कराया।
Published on:
17 Feb 2019 02:57 pm

बड़ी खबरें
View Allगुना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
