
ग्वालियर. अंचल के सबसे बड़े अस्पताल जेएएच के हजार बिस्तर में एक अप्रेल से एक ही स्थान पर सभी तरह की जांच हो सकेगी। इससे यहां आने वाले मरीजों का इधर- उधर भागने की परेशानी से बचाव हो सकेगा। इसमें खास बात यह है कि मरीजों की जांच के बाद रिपोर्ट भी ऑटोमेटिक ब्लड कलेक्शन सेंटर से मिल जाएगी। इस सेंटर पर ओपीडी के साथ वार्ड में भर्ती मरीजों के सैंपल भी हो सकेंगे। इससे मरीजों की परेशानी के साथ समय भी बचेगा। यहां आने वाले मरीजों को टोकन दिए जाएंगे, जिसके आधार पर जांच होगी। इससे मरीज लाइनों से बच जाएंगे। यह सुविधा 24 घंटे रहेगी। जेएएच में हर दिन लगभग एक हजार के आसपास जांचें होती हैं।
छह कांउटर पर कलेक्शन और दो पर रिपोर्ट मिलेगी
इस शानदार ब्लड कलेक्शन सेंटर पर अलग- अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं। जिसमें मरीजों का छह काउंटर से कलेक्शन लिया जाएगा। वहीं दो काउंटर पर मरीजों की रिपोर्ट मिल सकेगी। इससे एक साथ काफी मरीजों के सैंपल हो सकेंगे। हर मरीज एंट्री करके एचआइएमएस सिस्टम से जोड़ दिया जाएगा।
बार कोड होने नहीं बदलेगी जांच रिपोर्ट
मरीजों के सैंपलों की जांच के समय बार कोड मिलेगा। इससे सैंपल बदलने की संभावनाएं नहीं रहेगी। पिछले कई बार देखने में आता है कि मरीज आरोप लगाते हैं कि उनकी रिपोर्ट बदल गई है। इसमें देखने में आता है कि मरीज के नाम के साथ पिता का नाम भी समान होता है। ऐसे में रिपोर्ट बदलने का डर रहता था। बार कोड से अब जांच सैंपल में परेशानी नहीं आएगी।
12 से बढ़कर 24 होंगे लैब टेक्नीशियन
हजार बिस्तर के अस्पताल में अभी 12 लैब टेक्नीशियन मरीजों को सैंपल ले रहे हैं। जब यह व्यवस्था पूरी तरह से शुरू हो जाएगी तो बढ़कर 24 लैब टेक्नीशियन हो जाएंगे। इसके लिए काम चल रहा है। हजार बिस्तर के अस्पताल में अभी सेंट्रल कलेक्शन सेंटर नहीं होने से खुले हॉल में ही मरीजों के सैंपल का काम चल रहा है। जिससे मरीजों को काफी परेशानी भी आ रही है।
एक ही स्थान पर हो सकेंगी सभी जांचें
हजार बिस्तर में ऑटोमेटिक ब्लड कलेक्शन सेंटर बनकर तैयार हो रहा है। यहां पर मरीजों को एक ही स्थान पर सभी जांचें हो सकेगी। वहीं जांच कराने के लिए लाइनों में भी नहीं लगना पड़ेगा।
डॉ. अमित निरंजन, सहायक नोडल अधिकारी सेंट्रल ब्लड कलेक्शन सेंटर जेएएच
Published on:
14 Mar 2023, 9:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.