ग्वालियर

कांग्रेसियों ने आकलित खपत के खिलाफ बिजली घर पर जड़ा ताला, भूख हड़ताल की

कांग्रेस नेता अपनी पार्टी की सरकार आने पर भी समस्या हल नहीं होने पर शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर बिजली घर पर तालाबंदी कर भूख हड़ताल पर बैठ गए

less than 1 minute read
कांग्रेसियों ने आकलित खपत के खिलाफ बिजली घर पर जड़ा ताला, भूख हड़ताल की

ग्वालियर। भाजपा सरकार के समय आकलित खपत के बिजली बिलों को लेकर आंदोलन करने वाले कांग्रेस नेता अपनी पार्टी की सरकार आने पर भी समस्या हल नहीं होने पर शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर बिजली घर पर तालाबंदी कर भूख हड़ताल पर बैठ गए। अधिकारियों द्वारा बिलों को सुधारने का आश्वासन देने के बाद भूख हड़ताल समाप्त हुई।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कुछ दिन पूर्व कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कहा था कि ऐसी समस्याएं जिनका निराकरण नहीं हो रहा है और लोग परेशान हैं, उनके निराकरण के लिए आंदोलन तक कर सकते हैं। इस पर ब्लॉक अध्यक्ष सतेन्द्र शर्मा ने ट्रांसपोर्ट नगर बिजली घर का घेराव कर तालाबंदी कर दी और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए, उनके साथ राजकुमारी माहेश्वरी, अब्दुल रज्जाक, ब्रजमोहन प्रजापति, मोहन राजपूत, अशोक बग्गा, सलमान खान, सोहिल खान आदि कांग्रेसजन और क्षेत्रवासी मौजूद थे।

एसडीएम ने दिया आश्वासन

भूख हड़ताल शुरू होने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और सभी बिलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पीडि़त उपभोक्ताओं के बिल सही किए जाने का आश्वासन दिया और तुरंत बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द बिजली के बिलों को सही किया जाए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीपी शर्मा एवं घनश्याम घुड़सेले ने जूस पिलाकर ब्लॉक अध्यक्ष शर्मा भूख हड़ताल तुड़वाई।

अवैध वसूली नहीं होने देंगे
ब्लॉक अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि गरीब जनता से गलत बिल देकर जो नाजायज वसूली की जा रही है, उसे नहीं होने दिया जाएगा। इस वसूली को तत्काल बंद किया जाए और बिल सही किए जाएं। बिलों में से आकलित खपत, सरचार्ज हटाए जाएं, जिन लोगों के नए कनेक्शन के आवेदन हैं, उनके यहां मीटर लगवाए जाएं।

Published on:
08 Feb 2020 12:46 am
Also Read
View All

अगली खबर