
सकते में शहर : फुसलाकर बच्ची को ले गया दरिंदा, खून से लथपथ शव, किया दुष्कर्म
ग्वालियर। भिंड से मौसी की शादी में ग्वालियर आई 6 साल की मासूम बच्ची को दरिंदे ने फुसलाकर देर रात मैरिज गार्डन से अगवा किया और कैंसर पहाड़ी पर ले जाकर दुष्कर्म कर गला दबाकर हत्या कर दी। करीब 11 घंटे बाद बच्ची का खून से लथपथ शव झाडिय़ों में मिला। मैरिज गार्डन के पास लगे सीसीटीवी में आरोपी बच्ची को ले जाता दिखा है। हालांकि, अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। इस दिल दहला देने वाली वारदात से शहर सकते में है। लोगों में जबर्दस्त आक्रोश है।
पुलिस के मुताबिक गड्ढा वाला मोहल्ला कंपू में एक परिवार में बुधवार को बेटी की शादी थी। विवाह समारोह न्यू विजय नगर स्थित मैरिज गार्डन में चल रहा था। शादी में शामिल होने के लिए भिण्ड के मौ कस्बे से उनके रिश्तेदार अपनी पत्नी और ६ साल की बेटी के साथ आए थे। रात करीब डेढ़ बजे जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, तभी दरिंदा सबकी नजर बचाकर मासूम बच्ची को अगवा कर ले गया। मैरिज गार्डन से सटी कैंसर पहाड़ी के जंगल में ले जाकर उसने बच्ची से दुष्कर्म कर उसे मार डाला और शव को झाडि़यों में फेंक दिया। बच्ची के लापता होने का पता परिजन को रात करीब ३ बजे चला तो अफरा-तफरी मच गई। आसपास ढूंढ़ा गया लेकिन बच्ची नहीं मिली। सुबह मैरिज गार्डन से सटे जंगल में तलाश की गई तो खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
हमारी खुशियां छीन ली
बेटा, बहू शादी में आ रहे थे। मैंने कहा था बहुत गर्मी है, बच्चों को मत ले जाओ। वह नहीं माने। नातिन को ले आए। बच्ची को घर छोड़ आते तो आज वह हमारे साथ होती। दरिंदे ने हमारे परिवार की खुशियां छीन लीं। वह तो बिना इजाजत घर से निकलती ही नहीं थी। पता नहीं दरिंदे ने कैसे अगवा किया।कानून उसे ऐसी सजा दे कि कोई मासूम बच्चियों के साथ ऐसा करने की हिम्मत न जुटा सके। (जैसा कि बच्ची के दादा ने पत्रिका से कहा )
सीसीटीवी में दिखा दरिंदा
मैरिज गार्डन के पास रहने वाले डॉ.दीपक यादव के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में आरोपी रात करीब 1.30 बजे बच्ची को मैरिज गार्डन के पिछले गेट से लेकर निकलता नजर आया है। बच्ची उसके पीछे चल रही है। गली में अंधेरा होने से बच्ची लौट आई तो आरोपी उसे फिर वापस ले गया। रात करीब 2.30 बजे आरोपी अकेला लौटता दिखा है। अंधेरा होने से उसका चेहरा साफ रिकॉर्ड नहीं हुआ है। कपड़ों से आशंका है कि वह शादी में मेहमान बनकर शामिल रहा होगा।
क्राइम ब्रांच भी जुटी
बच्ची के साथ वारदात करने वालों को हर एंगल से तलाशा जा रहा है। शादी में जो लोग शामिल हुए हैं उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी उसकी तलाश में जुटी है। कन्या और वर पक्ष के लोगों को सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे आरोपी का फोटो दिखाकर उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्दी आरोपी पकड़ा जाएगा।
नवनीत भसीन, एसपी
Published on:
22 Jun 2018 10:44 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
