
भिण्ड। अटेर थाना क्षेत्र के ग्राम परा के हार में गुरुवार रात को सुनील बघेल की धारदार हथियार से हुए अंधे कत्ल के मामले का पुलिस ने 24 घण्टे के अन्दर न केवल पर्दाफाश कर दिया है बल्कि आरोपी को गिरफ्तार करते हुए हत्या में इस्तेमाल हुई कुल्हाड़ी को भी जब्त कर ली है।
गुरुवार को फरियादी भीकम सिंह पुत्र रामभरोसे बघेल (56 ) निवासी पुरानी बस्ती किले के पास भिण्ड द्वारा रिपोर्ट की गई कि ग्राम परा में करीब 8 बीघा खेती व ट्यूबवेल है, जहां गेंहू सरसों की फसल खड़ी है उस खेत की तिवरिया पर 31 जनवरी शाम को उसका लड़का सुनील बघेल रिश्तेदार, सोनू बघेल निवासी तोर का पुरा, फूप के साथ खेत की रखवाली के लिए गया था। वहीं पड़ोसी खेत वाले भूरे बघेल भी रोज की तरह तिवरिया के बगल में सो रहे थे।
आज सुबह करीब 3-4 बजे मेरे घर भिण्ड में सोनू बघेल ने मोबाइल से बताया कि सुनील को किसी ने तिवरिया में मारपीट की है सिर से खून निकल रहा है। वह बाइक से खेत पर पहुंचा, देखा उसका लड़का सुनील खटिया पर मरा पड़ा था। उसके सिर पर बाएं तरफ आंख के पास गहरी चोटें थी सुनील का ओढ़ा हुआ कंबल भी कई जगह से कटा फटा हुआ दिख रहा था। सिर पर, बिस्तर पर खटिया के नीचे काफी खून निकला हुआ था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात को सोते समय सुनील की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। इस रिपोर्ट पर से अटेर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302,449 भादवि का मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपअधीक्षक (मुख्यालय) एवं प्रभारी एसडीओपी अटेर राकेश छारी, निरीक्षक उदयभान सिंह यादव, थाना प्रभारी देहात एवं सउनि सत्यवीर सिंह तथा उनकी टीम को तत्काल घटना स्थल पर पूर्व से मौजूद उपनिरीक्षक मंगल सिंह पपोला, थाना प्रभारी अटेर से संपर्क कर आरोपी की पतारसी किए जाने को कहा। टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। वहॉ उपस्थित व्यक्तियों द्वारा सोनू उर्फ चरन सिंह बघेल को मृतक के साथ रहना तथा उसे मृतक का दूर का रिस्तेदार होना बताया। पुलिस अधिकारियों द्वारा दिनांक शुक्रवार को सोनू उर्फ चरन सिंह बघेल पुत्र रणवीर सिंह बघेल (21) निवासी ग्राम तोर का पुरा, थाना फूप जिला भिण्ड़ से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने हत्या में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली।
एक तरफा प्यार में बन गया वहशी, सरसों के खेत में छिपाई कुल्हाड़ी
पुलिस अधीक्षक प्रशांत खरे के अनुसार, आरोपी सोनू ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 5 महीना से ताऊ भीकम सिंह बघेल के यहां भिण्ड में रह रहा था। उसका परिवार अहमदाबाद गुजरात में रहता है। वह मृतक सुनील की पत्नी से एक तरफा प्यार करने लगा था। इसी कारण उसके मन में सुनील को रास्ते से हटाने का विचार आया। ताऊ भीकम सिंह, उनकी लड़की भूरी के सगाई संबंध के लिए 5 दिन पहले सूरत गए तब वह उनके खेत ग्राम परा (घटना स्थल) पर आया और मृतक सुनील के साथ 4-5 दिन तक रहा।
३१ जनवरी को वह शाम करीब 5-05.30 बजे भिण्ड़ से खेत पर परा आया था जहां सुनील भी था। जब सुनील तिवरिया में आकर सो गया तो रात करीब 02.30 बजे उसने दरवाजे पर रखी कुल्हाड़ी से सुनील के सिर पर 4-5 बार किए तथा कुल्हाड़ी को तिबरिया के पीछे खेत में छिपा दिया। किसी को शक न हो इसलिए वहां पर सो रहे भूरे बघेल को उठाया और बोला भैया को कुछ हो गया है और फिर 108 एम्बूलेंस को फोन लगाकर बुला लिया। जिस कुल्हाड़ी से उसने सुनील की हत्या की उसे तिवरिया के पीछे वाले सरसों के खेत में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल्हाड़ी को बरामद करते हुए आरोपीको गिरफ्तार कर लिया। इस मामले को सुलझाने में भूमिका निभाने वाले सभी पुलिस कर्मियों को पुलिस अधीक्षक ने नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Published on:
03 Feb 2018 04:47 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
