ग्राम पंचायतों में 38 इन्दिरा रसोई तैयार, सरकार से हरी झंडी का इंतजार
202 सामाजिक संस्थाओं ने किया था आवेदन
हनुमानगढ़. शहरी क्षेत्र के बाद अब ग्राम स्तर पर इन्दिरा रसोई योजना जल्द शुरू होने वाली है। इसे खोलने की अंतिम स्तर की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। अब राज्य सरकार की ओर से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। हनुमानगढ़ की ग्राम पंचायतों में कुल 38 इन्दिरा रसोई खोली जानी है। इसके लिए नगर परिषद में 202 सामाजिक संगठनों ने आवेदन किया था। खास बात यह थी कि इस बार आवेदन करने वाली संस्थाओं में से कईयों ने सरकारी अनुदान में 1 या दो रूपए कम लेने पर सहमति जताई है। दरअसल राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक थाली पर 17 रुपए अनुदान दिया जाता है। आवेदन करने वाली संस्थाओं में कई सामाजिक संगठन ऐसे हैं। जिन्होंने 15 रुपए या फिर 16 रुपए अनुदान मिलने पर ही इन्दिरा रसोई का संचालन करने पर सहमति पत्र दिया है। नगर परिषद ने 202 आवेदनों की जांच करने की कार्यवाही पूरी कर ली है और इन रसोईयों के संचालन के लिए सामग्री की भी खरीदारी कर ली है। इन ग्राम पंचायतों में भी शहरी स्तर पर 200 जने भोजन सुबह व 200 जने भोजन शाम को कर सकेंगे। इनकी मॉनटरिंग जिला परिषद व नगर परिषद के अधिकारी करेंगे।
यह की थी घोषणा
बजट सत्र में सीएम अशोक गहलोत ने ग्राम पंचायतों में इन्दिरा रसोई खोलने की घोषणा की थी। प्रत्येक इन्दिरा रसोई में एक कम्यूटर ऑपरेटर होगा, खाना बनाने व खाने के लिए बर्तन स्थानीय निकाय की ओर से देने का प्रावधान है।
आठ रुपए में भोजन
इन्दिरा रसोई में कोई भी व्यक्तिआठ रुपए में भोजन कर सकता है। सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर दो बजे तक व शाम पांच से रात नौ बजे तक भोजन कर सकता है। प्रत्येक रसोई में 200 टोकन कटने का लक्ष्य निधार्रित किया गया है। सरकार की ओर से प्रत्येक 17 रुपए प्रत्येक थाली का अनुदान अलग से दिया जाता है। पूर्व में अनुदान के रूप में 12 रुपए थाली दिया जाता था। जिसे हाल ही में बढ़ाया गया है।
हो चुकी है तैयारी
ग्राम पंचायत स्तर पर 38 इन्दिरा रसोई का संचालन किया जाना है। इसकी तैयारी हो चुकी है। राज्य सरकार की ओर से हरी झंडी मिलने पर शुरू की जाएगी।
पूजा शर्मा, आयुक्त, नगर परिषद हनुमानगढ़।