
सीएम गहलोत ने कहा, भादरा विधायक बलवान मेरी कमजोरी
हनुमानगढ़/ भादरा. गांव मलखेड़ा में शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंहगाई राहत शिविर का अवलोकन करते हुए ग्रामीणों को सम्बोधित किया। गहलोत ने कहा कि हमें भविष्य में फिर से कांग्रेस सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि वह अपनी सेवा भावना से जनता की सेवा में लगे हुए हैं। अब उन्हे कुछ बनने की इच्छा नहीं है लेकिन जब तक जीवन है जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भादरा क्षेत्र का विधायक बलवान पूनिया उनकी कमजोरी है।
उन्होंने जब भी मुझसे कुछ मांगा मंैने उन्हें स्वीकृत किया है। उन्होंने कहा कि भादरा के विधायक बलवान पूनिया ने कांग्रेस की सरकार बचाने के लिए बेधडक़ होकर कांग्रेस के सहयोगी बने। जनता के लिए उन्होंने लाभकारी योजनाएं लगातार चलाई है। सामाजिक सुरक्षा सबको मिलनी चाहिए। चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना की चर्चा करते हुए कहा कि उन्हे अनेक ऐसी रोगी मिले है जिनका लाखों रुपए के ऑपरेशन नि:शुल्क हुए हैं।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान की जनता को चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत 100 यूनिट फ्री, गैस सिलेण्डर 500 रुपए में, पेशन वृद्धि सहित अनेक सुविधाएं प्रदान की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश से आतंकवाद खत्म करने की बात कही थी लेकिन आज भी आतंकवादी घटनाएं लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बचाने के लिए बलवान पूनिया ने अपनी पार्टी की कार्यवाही का सामना किया व त्याग किया।
आज इसी कारण आपके विधायक बलवान पूनिया मुख्यमंत्री की सबसे बड़ी कमजोरी है व उनका महत्व भी है। जबकि दूसरी तरफ देश का प्रधानमंत्री किसानों की सुनवाई करने को तैयार नहीं थे। भ्रष्टाचार रोकने व नकली नोटो की बात कहकर नोटबन्दी की थी नोटबन्दी फिर से फैल है। बाजार में दो-दो हजार रुपए के नकली नोट फिर से आ गए हंै।
विधायक बलवान पूनिया ने मुख्यमंत्री के द्वारा भादरा विधानसभा क्षेत्र के लिए किए गए शैक्षिक, सिंचित, सडक़ों, नालों खालो, विकास कार्यो की घोषणाओं के क्रियान्वयन पर आभार जताते हुए बारानी 14 गांवों को सिंचित करने का मुद्दा उठाया। उनके द्वारा गांव मलखेड़ा में पीएचसी की मांग की। मुख्यमंत्री ने विधायक बलवान पूनिया की पीएचसी की मांग को पूरा करने की घोषणा की। उन्होने कहा कि बलवान पूनिया ने जिला नहीं मांगा अन्यथा जिला दे देता। कार्यक्रम में कांग्रेस के केन्द्रीय प्रभारी सुखविन्द्र सिंह रंधावा भी साथ रहे।
टिकट धर्म संकट में
भादरा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आपने माकपा के बलवान पूनिया को चुनाव जिताया। इस बार इन्होंने कांग्रेस का सहयोग किया। अब यह न तो पार्टी बदलते हैं न कांग्रेस में सम्मलित होते हैं। इन सबके चलते भादरा की टिकट को लेकर एक बार फिर से धर्मसंकट उनके सामने चुनाव में आएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 2 बजकर 5 मिनट पर हेलीकॉप्टर से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा, केन्द्रीय कांग्रेस प्रभारी सुखविन्द्र सिंह रंधावा गांव मलखेड़ा पहुंचे। हेलीपेड से निकलते ही कांग्रेसजनों, विधायक बलवान पूनिया, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का केवल राहत शिविर अवलोकन का कार्यक्रम था किन्तु मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए जिसके चलते मुख्यमंत्री को उन्हे शिविर में आए ग्रामीणों को सम्बोधित करना पड़ा। शिविर अवलोकन के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधायक बलवान पूनिया के घर पहुंचे वहां पर विधायक बलवान पूनिया उनकी पत्नी सुनिता पूनिया, भाई राजेश पूनिया व परिजनों व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का स्वागत किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को नागरिकों ने ज्ञापन भी सौंपे।
रावतसर में हुई सभा में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह व पीएम मोदी की तरफ इशारा कर गहलोत ने कसे तंज
हनुमानगढ़. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को रावतसर तहसील मुख्यालय पर हुई सभा में कई तरह के सियासी बयान दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी सहित केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बयानों का जिक्र कर कहा कि भाजपा वाले झल्ला गए हैं। इसलिए अजीब तरह के बयान दे रहे हैं। गहलोत ने कहा कि गजेंद्र सिंह कहते हैं कि गहलोत रावण है। चलो मैं रावण सही, तुम राम बन जाओ। किसानों का संपूर्ण कर्जमाफ कर दो। गहलोत यहीं नहीं रुके, आगे कहा कि तुमने संजीवनी सोसायटी लूट ली। दोषी नहीं थे तो कोर्ट से जमानत क्यों ली। संजीवनी से जुड़े सदस्यों का उल्लेख कर कहा कि गरीबों के आंसू निकल रहे हैं। ज्यादा ब्याज का झांसा देकर उनके साथ छल किया गया है। जनता ऐसे नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी। गहलोत ने कहा कि बीजेपी वालों मुझ पर पत्थर फेकोंगे तो मैं उससे भी गरीबों के घर व अस्पताल बनवा दूंगा। उन्होंने कहा कि विकास के लिए धन की नहीं सोच की जरूरत पड़ती है। राज्य की कांग्रेस सरकार महंगाई कम करने के लिए पब्लिक को फूड पैकेट, मुफ्त में बिजली, नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवा रही है। इसके विपरीत केंद्र की मोदी सरकार की कथनी और करनी में फर्क है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे तो एमएसपी कानून का समर्थन करते थे।
अब पीएम बन गए हैं तो उनका ध्यान इसकी तरफ क्यों नहीं जा रहा। गहलोत ने कहा कि हमने जातिगत जनगणना की मांग केंद्र सरकार से की है। ताकि जातियों को उनका हक मिल सके। भाजपा के जन आक्रोश कार्यक्रम के बारे में कहा कि कार्यक्रम में कुर्सियां खाली रहती है। वहां न तो जन पहुंच रहा और न ही आक्रोश नजर आ रहा है।
पब्लिक महंगाई राहत शिविर में जा रही है। गहलोत ने कहा कि मोदी राज में आलेचना करने वाले जेल जा रहे हैं। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं। कांग्रेस राज्य प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, जिला प्रभारी मंत्री गोविंदराम मेघवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, राज्यमंत्री पवन गोदारा, हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद कुमार, नोहर विधायक अमित चाचाण, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल, नगरपालिका चैयरमेन श्यामसुंदर मेघवाल, नोहर प्रधान सोहन ढिल, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेंद्र गोयल, पूर्व उप जिला प्रमुख शबनम गोदारा, पूर्व उप प्रधान राजेंद्र प्रसाद नायक, पीलीबंगा से कांग्रेस नेता विनोद गोठवाल, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के हरदीप सिंह चहल, मनमोहन सोनी, गुरदीप सिंह चहल, सरपंच रोहित स्वामी, ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल मटोरिया, महिला कांगे्रस जिलाध्यक्ष प्रवीणा मेघवाल, एआईसीसी सदस्य विजेन्द्र सिंह संधू सहित अन्य मौजूद रहे।
Published on:
28 Apr 2023 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
