
हनुमानगढ़: जिला कलक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने जाते पीलीबंगा के पूर्व विधायक व ग्रामीण।
हनुमानगढ़. पीलीबंगा तहसील के बड़ोपल बारानी क्षेत्र में स्थित जीडीसी (सिंचाई विभाग) की लगभग 8000 बीघा भूमि को वन विभाग के अधीन डिम्ड फोरेस्ट घोषित किए जाने के प्रस्ताव का ग्रामीणों ने विरोध जताया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची के नेतृत्व में जिला कलक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और निर्णय को बदलने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित क्षेत्र के खसरों में लगभग 500 किसानों की खातेदारी भूमि भी शामिल है। जिनकी जोत पहले से ही बहुत छोटी है। अधिकांश किसानों के पास अन्यत्र कोई भूमि या आजीविका का साधन नहीं है। ऐसे में यदि उक्त भूमि वन विभाग को हस्तांतरित की जाती है तो किसानों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो जाएगा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि एक ओर सरकार ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्य करवा रही है। स्कूल खोले जा रहे हैं, सडक़ें बनाई जा रही हैं और विद्युत कनेक्शन दिए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर किसानों को उनकी भूमि से वंचित करने जैसा निर्णय लिया जा रहा है।
जीडीसी की भूमि वन विभाग को देने से किसानों को खेतों तक पहुंचने के रास्ते, विद्युत लाइन, सिंचाई व्यवस्था, तारबंदी तथा आवारा पशुओं से सुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। चूंकि अधिकांश खसरों में किसानों की आंशिक भूमि भी स्थित है, इसलिए भविष्य में विभाग और किसानों के बीच टकराव की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में बाढ़ का पानी कभी अत्यधिक मात्रा में आता है तो कई वर्षों तक बिल्कुल नहीं आता। फिर भी किसानों ने कभी पानी का विरोध नहीं किया। बावजूद इसके, वे मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहकर कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं। कलक्टर ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और मौके पर संबंधित अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि काश्तकारों की मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाया जाएगा। पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची ने किसानों को भरोसा दिलाया कि वे इस मामले में सरकार और वन मंत्री से मुलाकात करेंगे। हर हाल में काश्तकारों के हित में निर्णय करवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि डिम्ड फोरेस्ट योजना को रद्द करवाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। भारतीय किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद धारणिया, प्रेम बेनीवाल, हरीश पचार, सुरेन्द्र सिंवर, रामप्रताप कस्वां, चेतराम रोझ, प्रकाश कस्वां, जसवंत भादू, नंदलाल भादू,आयुष कस्वा व अन्य काश्तकार मौजूद थे।
Published on:
25 Feb 2026 12:44 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
