नशे पर अंकुश लगाने के लिए हनुमानगढ़ पुलिस ने प्रत्येक थाना क्षेत्र से एक गांव का किया चयन
– नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य
के बताए दुष्प्रभाव, दूर रहने का दिलाया संकल्प
– जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाया जन जागरुकता अभियान
– प्रत्येक थाना क्षेत्र से एक गांव का चयन कर नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य
हनुमानगढ़. जिले में बढ़ती नशावृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जन जागरुकता अभियान भी शुरू किया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार के नेतृत्व में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए यह प्रयास प्रारंभ किया गया है। इस नवाचार के तहत पुलिस प्रशासन की कोशिश रहेगी कि युवाओं, स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक, आर्थिक आदि खतरों के प्रति सचेत किया जा सके। क्योंकि नशे के धंधे में संलिप्त लोगों के लिए युवा ही आसान लक्ष्य रहते हैं।
इस अभियान में प्रत्येक थाना क्षेत्र के पंचायत मुख्यालय स्तर के एक गांव को चयनित किया गया है। उस गांव को तीन माह के अन्दर नशामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृताधिकारी, थानाधिकारी, बीट अधिकारी एवं बीट कांस्टेबल इन चयनित गांवों का अधिकाधिक भ्रमण करेंगे। नशा बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नशे के आदी लोगों का नशा छुड़ाने के लिए नशा करने वालों एवं उनके परिजनों की समझाइश की जाएगी। उनको नशे से होने वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान कर नशा मुक्ति केन्द्रों व अस्पतालों में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। निर्धारित लक्ष्यों को तीन माह में प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी रहेगा प्रयास
नशामुक्ति अभियान में चयनित गांवों में इंटरैक्टिव सत्र, कार्यशालाएं और जागरुकता कार्यक्रम होंगे। प्रसारित सामग्री में नशामुक्ति के विभिन्न पहलुओं को शामिल किया जाएगा। इसमें दवाओं के शारीरिक और मनोवैज्ञानिक प्रभावों से लेकर मादक द्रव्यों के सेवन के सामाजिक प्रभाव तक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अभियान में पहले से ही नशे के जाल में फंसे लोगों के लिए सहायता और समर्थन मांगने के महत्व पर जोर दिया जाएगा।
समझाइश शुरू
अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। सदर थाना प्रभारी तेजवंत सिंह, एएसआई लालचन्द व कांस्टेबल विष्णु कुमार ने गांव जंडावाली स्थित राउप्रावि में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। साथ ही उनको नशे के दुष्प्रभावों के बारे में सचेत किया। टाउन थाना प्रभारी वेदपाल, एएसआई नाथुलाल, कांस्टेबल महंगा सिंह एवं संजीव कुमार ने राउमावि फोर्ट में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा आदि की जानकारी दी।
सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार ने बताया कि प्रत्येक पुलिस स्टेशन क्षेत्र से गांवों का चयन इसलिए किया गया है ताकि अभियान विभिन्न समुदायों तक पहुंचे। यह जमीनी स्तर का दृष्टिकोण जिला पुलिस की समावेशिता और प्रत्येक निवासी की भलाई के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। युवाओं को मोटीवेशन और समर्थन से सशक्त बनाकर हम सामूहिक रूप से आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वस्थ, नशा मुक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। पुलिस प्रशासन के साथ समाज को भी इसमें भागीदार निभानी चाहिए। नशा ऐसी समस्या है जिसके समाधान के लिए समाज को भी अहम भूमिका निभाने की जरूरत होती है। कानूनी सख्ती के साथ-साथ समझाइश, जन जागरुकता आदि प्रयास भी जमीनी स्तर पर बेहद जरूरी हैं।