अभी नहीं दिखाई सजगता तो पुरस्कार राशि से वंचित रह जाएंगी हजारों बालिकाएं, डीईओं की होगी जिम्मेदारी
– ऑनलाइन आवेदन अपडेट करने पर ही मिलेगी प्रोत्साहन राशि
– गार्गी एवं बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार वर्ष 2021-22 के लिए आवेदन करने के बाद वंचित रही बालिकाओं को दिया अंतिम मौका
– 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन करने होंगे अपडेट अन्यथा नहीं मिलेगी पुरस्कार राशि
हनुमानगढ़. गार्गी एवं बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार वर्ष 2021-22 के लिए आवेदन करने के बाद तकनीकी कारणों से पुरस्कार राशि से वंचित रही बालिकाओं को एक और मौका दिया गया है। बालिका शिक्षा फाउंडेशन राजस्थान, जयपुर ने इस संबंध में सभी डीईओ माध्यमिक मुख्यालय को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुरस्कार राशि से वंचित मेधावी बालिकाओं को 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन अपडेट करने होंगे अन्यथा प्रोत्साहन राशि नहीं मिल सकेगी।
खास बात यह है कि वंचित छात्राओं की सूची सभी डीईओ को उपलब्ध करवा दी गई है। यह सूचना शाला दर्पण पोर्टल डीईओ ऑफिस लॉगिन पर दी गई है। बालिका शिक्षा फाउंडेशन ने तीन जून तक अनिवार्यत: आवेदन अपडेट करने को कहा है। क्योंकि इसके बाद शायद ही एक और मौका दिया जाए। आदेश में बालिका शिक्षा फाउंडेशन ने इसे अंतिम अवसर ही कहा है। किसी जिले में कोई पात्र बालिका पुरस्कार राशि से वंचित रहती है तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित डीईओ माध्यमिक मुख्यालय की होगी।
बहुत कम आवेदन तो चिंता
बालिका शिक्षा फाउंडेशन के आदेश के अनुसार शाला दर्पण पोर्टल पर गार्गी पुरस्कार प्रथम व द्वितीय किस्त, बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार वर्ष 2021-22 के आवेदन पत्रों में अपडेशन के लिए अंतिम तिथि 31 मई घोषित की गई थी। मगर निर्धारित तिथि तक प्रदेश में बहुत कम संख्या में आवेदन अपडेट किए जा सके। इसलिए फाउंडेशन ने चिंता जताते हुए अपडेशन की तिथि बढ़ाकर 30 जून की है।
तो रही बालिकाएं राशि से वंचित
जानकारी के अनुसार गार्गी एवं बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार वर्ष 2021-22 की पात्र बालिकाओं के ऑनलाइन आवेदन शाला दर्पण पोर्टल पर 22 फरवरी 2022 से 30 सितम्बर 2022 तक भरवाए गए थे। निर्धारित अंतिम तिथि तक भरे गए ऑनलाइन आवेदनों की पुरस्कार राशि बालिकाओं के परिवार जन आधार नम्बर से जुड़े बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से जमा करवा दी गई थी। लेकिन जन आधार से जुड़ा बैंक खाता बंद होने, बैंक खाता नम्बर व बैंक आईएफएससी सही नहीं होने आदि कारणों के चलते प्रदेश में हजारों पात्र बालिकाएं पुरस्कार राशि से वंचित रह गई। अब उन बालिकाओं को पुरस्कार राशि देने के लिए अवसर प्रदान करते हुए उनके ऑनलाइन आवेदन को अपडेट करने की प्रक्रिया चलाई जा रही है।