एसडीएम स्वाति गुप्ता ने संभाला नप आयुक्त का चार्ज, आमजन को मिलेगी राहत
– गत दस जुलाई से स्थाई आयुक्त नहीं होने से कई कार्य थे लंबित
हनुमानगढ़. आखिरकार 25 दिन के बाद नगर परिषद को स्थाई आयुक्त मिल गया है। गत शुक्रवार को टिब्बी एसडीएम स्वाति गुप्ता ने आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया है। जबकि सोमवार से नगर परिषद कार्यालय में अपनी सीट पर बैठेंगी। हालांकि चर्चा यह भी है कि 7 से 10 अगस्त तक जयपुर में विधानसभा चुनाव को लेकर अधिकारियों की ट्रैनिंग होनी है। इस ट्रैनिंग में जिले के कई अधिकारी जाऐंगे। बताया जा रहा है कि टिब्बी एसडीएम स्वाति गुप्ता भी ट्रैनिंग के लिए गई तो 11 अगस्त से नगर परिषद कार्यालय में अपने चैंबर में बैंठेगी। नगर परिषद को स्थाई आयुक्त मिलने से आमजन को राहत मिलेगी। दरअसल प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत नगर परिषद में पट्टों की फाइलें तैयार है और इन फाइलों का निस्तारण एम्पावर्ड कमेटी के जरिए किया जाना है। लेकिन गत 25 दिनों से स्थाई आयुक्त नहीं होने के कारण एम्पावर्ड कमेटी की बैठकें नहीं हो सकी। इसकी वजह से लोगों के मकानों के पट्टे की प्रक्रिया लंबित है। करोड़ों का अटका भुगतान 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, राज्य सरकार की मोबाइल के लिए राशि वितरण योजना, सफाई भर्ती इत्यादि रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे थे। वहीं नगर परिषद की 25 से 30 करोड़ की देनदारियां हैं। एसडीएम टिब्बी के कार्यभार संभालने से यह कार्य भी हो सकेंगे। यह थी व्यवस्था वर्तमान में जिला कलक्टर रुकमणि रियार ने अधिशासी अभियंता सुभाष बंसल को आयुक्त का कार्यभार सौैंप रखा था। इसके तहत अधिशासी अभियंता सुभाष बंसल केवल प्रशासनिक कार्य ही कर रहे थे। चाहे गत दिनों में घग्घर में आई बाढ़ की आशंका के चलते कार्य हों या फिर वर्तमान में स्टेडियम में चल रही शहरी ओलम्पिक के तहत खेल प्रतियोगिता। इसके अलावा नगर परिषद के रूटीन कार्य भी अधिशासी अभियंता सुभाष बंसल देख रहे थे। यह जारी किए आदेश गत शुक्रवार को जिला कलक्टर रूकमणि रियार ने टिब्बी एसडीएम स्वाति गुप्ता के लिए नगर परिषद आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार के आदेश जारी किए थे। इसी दिन आरएएस स्वाति गुप्ता ने कार्यभार अधिग्रहण कर लिया था। हालांकि विधिवत रूप से अपनी सीट पर अभी तक नहीं बैठी हैं। गौरतलब है कि डीएलबी ने नगर परिषद आयुक्त पूजा शर्मा का चार जुलाई को पीलीबंगा नगर पालिका में ईओ के पद पर तबादला कर दिया था। इनकी जगह पर एसडीएम अवि गर्ग को अतिरिक्त कार्यभार सौंपने के आदेश दिए गए थे। लेकिन एसडीएम अवि गर्ग ने चार्ज नहीं लिया। इस बीच 10 जुलाई को आयुक्त पूजा शर्मा रिलीव हो गई और जिला कलक्टर रुकमणि रियार ने रूटीन कार्य के लिए अधिशासी अभियंता सुभाष बंसल को अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया। हाल ही में एसडीएम अवि गर्ग का भी तबादला हो चुका है और वे यहां से रिलीव भी हो चुके हैं। इसके चलते जिला कलक्टर ने टिब्बी एसडीएम को नगर परिषद आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। मिला है अतिरिक्त कार्यभार टिब्बी एसडीएम स्वाति गुप्ता ने बताया कि नगर परिषद आयुक्त पद का अतिरिक्त कार्यभार के आदेश मिले हैं। चुनावों की ट्रैनिंग जयपुर में होनी है। इसके आदेश भी आए हुए हैं। अगर ट्रैनिंग के लिए नहीं जाना होगा तो सोमवार को नगर परिषद जाऊंगी।