बीज उपलब्धता को लेकर कसरत
-जिले में दस हजार हैक्टेयर में किसानों को दोबारा करनी पड़ेगी कपास की बिजाई
-निर्धारित कीमत से अधिक वसूली व कालाबाजारी रोकने को तहसीलवार अधिकारी नियुक्त
हनुमानगढ़. पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि, आंधी, तुफान और वर्षा से जिले में लगभग दस हजार हैक्टेयर क्षेत्र में नुकसान होने से बीटी कपास फसल की पुन: बिजाई होने का अनुमान है। यह भी देखने में आया है कि किसानों द्वारा बीटी कपास की कुछ नई किस्म विशेष की मांग की जा रही है। जबकि किस्म विशेष की मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं होने से उन किस्मों की बाजार में उपलब्धता नहीं हो रही है। हालांकि बीटी कपास की अन्य किस्मों का बीज बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जिनका अच्छा उत्पादन होने के कारण भारत सरकार द्वारा अनुमोदन किया गया है। ऐसी स्थिति में किस्म विशेष की मांग अधिक होने के कारण बीज के कालाबाजारी होने की आशंका है। इसी सिलसिले में जिला कलक्टर रुक्मणि रियार ने सभी बीज निरीक्षकों व मंडी प्रभारियों/ सहप्रभारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसमें बीज वितरण एवं बीज उपलब्धता की सूचना फर्मवार पूर्ण पते सहित प्रतिदिन भिजवाना सुनिश्चित करने को लेकर पाबंद किया गया है। कलक्टर ने सभी बीज विके्रताओं को निर्देश दिए हैं कि बेमौसमी वर्षा / तूफान के कारण किसानों को काफी बड़े क्षेत्र में नुकसान हुआ है। ऐसी स्थिति में यदि किसी भी विक्रेता द्वारा कालाबाजारी की शिकायत पाई गई तो उसके विरूद्ध बीज नियंत्रण ओदश, 1983 के अन्तर्गत तत्काल अनुज्ञापत्र निलंबन की कार्यवाही की जाएगी। कृषि (विस्तार) संयुक्त निदेशक दानाराम गोदारा ने सभी किसानों से अपील कि है कि किस्म विशेष का बीज उपलब्ध नहीं होने पर अन्य उपलब्ध किस्मों की बिजाई करें। बाजार में उपलब्ध सभी किस्में भारत सरकार द्वारा अच्छे उत्पादन के कारण अनुमोदित की गई है। फिर भी यदि किसी किसान से सरकार द्वारा निर्धारित 850 रुपए प्रति पैकेट से अधिक वसूल किए जाए और कालाबाजारी की शिकायत हो तो तहसील हनुमानगढ, पीलीबंगा, संगरिया, टिब्बी क्षेत्र के किसान कृषि (विस्तार) हनुमानगढ़ सहायक निदेशक बीआर वाकोलिया के मोबाइल नंबर 9414535747 पर शिकायत कर सकते हैं। तहसील नोहर, रावतसर, पल्लू क्षेत्र के किसान कृषि (विस्तार) नोहर सहायक निदेशक सुरेन्द्र कुमार जाखड़ के मोबाइल 9414513589 एवं भादरा तहसील क्षेत्र में शिकायत होने पर कृषि अधिकारी विजय कुमार गोदारा के मोबाइल 97725- 33300 पर सूचित कर सकते हैं।
कई जगह जांच
हनुमानगढ. जिले की मंडियों में शनिवार को कृषि अधिकारियों ने पहुंचकर वहां बीज विक्रय की व्यवस्था जांची। इस दौरान दुकानदारों को पाबंद किया कि वह गुणवत्ता युक्त बीज नियमानुसार रेट पर ही बेचें। जिससे किसान समय पर कपास की बिजाई कर सकें। कृषि विभाग के सहायक निदेशक बीआर बाकोलिया ने बताया कि टाउन-जंक्शन के अलावा अन्य मंडियों में जाकर बीज दुकानों की व्यवस्थाएं जांची गई। इस दौरान स्टॉक रजिस्ट्रर भी जांचे। किसी तरह की अनियमिता नहीं मिली।
इतने क्षेत्र में बिजाई का लक्ष्य
चालू खरीफ सीजन में जिले में दो लाख तीस हजार हैक्टेयर में कपास बिजाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें अभी तक एक लाख 34 हजार हेक्टैयर में बिजाई हो चुकी है। किसान सिंचाई पानी की मांग कर रहे हैं। दो दिन पहले हुई वर्षा से कुछ किसान अब कपास की बिजाई में जुटे हुए हैं। वहीं जहां बारिश की वजह से बीज कुरंड हो गए हैं, वहां पर किसानों को दोबारा बिजाई करनी पड़ रही है।