6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हनुमानगढ़

2 गोशाला, 10 मंदिर, 15 गुरुघरों को इसलिए बनाया निशाना कि दरबार से नहीं लौटेंगे खाली हाथ

Crime Story Hanumangarh : भगवान के घर से कोई खाली हाथ नहीं लौटता। यह भावना श्रद्धालुओं के साथ चोरों में भी बलवती है।

Google source verification

2 गोशाला, 10 मंदिर, 15 गुरुघरों को इसलिए बनाया निशाना कि दरबार से नहीं लौटेंगे खाली हाथ
– टाउन पुलिस ने चोर गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार, आठ-दस अन्य सहयोगी
– कुल 31 वारदातें स्वीकारी, नशे के आदी, बरादगी के प्रयास में जुटी पुलिस
– आधा दर्जन से अधिक थाना क्षेत्रों में वारदात करना स्वीकारा
हनुमानगढ़. भगवान के घर से कोई खाली हाथ नहीं लौटता। यह भावना श्रद्धालुओं के साथ चोरों में भी बलवती है। आधा दर्जन से अधिक थाना क्षेत्रों के गुरुद्वारों, मंदिरों और गोशालाओं को चोर गिरोह ने सिर्फ इसलिए निशाना बनाया कि वहां कुछ ना कुछ नकदी वगैरह तो जरूर मिल जाएगी, खाली हाथ नहीं लौटेंगे। जिला पुलिस ने हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले के 15 गुरुद्वारों, 10 मंदिरों तथा दो गोशालाओं सहित कुल 31 चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया तो उन्होंने धर्मस्थलों में चोरी करने की उपरोक्त वजह बताई।
एएसपी जस्साराम बोस ने एसपी कार्यालय सभागार में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बताया कि धर्मस्थलों आदि जगहों पर चोरी के आरोप में दो जनों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान संदीप उर्फ बुग्गी (18) पुत्र गिरधारीलाल मेघवाल निवासी वार्ड तीन नई खुंजा, जंक्शन तथा सतपाल सिंह (20) पुत्र लखवीर सिंह निवासी वार्ड पांच ढाणी, 10 एमकेएस बी मल्लडख़ेड़ा पीएस टिब्बी के रूप में हुई है। आरोपियों के सहयोगी आठ-दस अन्य व्यक्ति भी हैं जो गिरोह में शामिल है। यह सभी अलग-अलग गुट बनाकर गुरुद्वारों, मंदिरों आदि में चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न थानों की टीम लगातार दबिश दे रही है।
यूं खुली वारदात
एएसपी जस्साराम बोस ने बताया कि 10 जून को फतेहगढ़ श्यामसिंहबास स्थित गुरुहरकृष्ण साहिब गुरुद्वारा के पाठी जसकरण सिंह ने चोरी का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने रिपोर्ट दी थी कि नौ जून की रात करीब तीन बजे गुरुद्वारा गया तो वहां दो जने खड़े थे। उन्होंने उसे पकड़ लिया एवं दो अन्य गुरुघर में घुसे और नकदी आदि लेकर फरार हो गए। पुरूषोतमबास तथा गोदाराबास के गुरुद्वारों से भी लाखों रुपए की नकदी, कृपाण आदि चोरी की। इसी रात सदर थाना क्षेत्र के गांवों में स्थित गुरुद्वारों में चोरी हुई थी। ऐसे में एसपी सुधीर चौधरी ने एएसपी जस्साराम बोस के निर्देशन में टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण व सदर थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में जांच दल गठित किए। पुलिस के इन विशेष जांच दल ने मानवीय आसूचना, तकनीकी पड़ताल एवं वारदात स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनको गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। टाउन थाने के जांच दल में हैड कांस्टेबल मनीष कुमार, कांस्टेबल महंगा सिंह, भूपेन्द्र एवं संजीव कुमार शामिल रहे।
खंगाल रहे रेकॉर्ड, नशे के आदी
टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर चोरीशुदा नकदी व अन्य सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। गैंग के अन्य साथियों के बारे में जानकारी लेकर उनकी धरपकड़ करेंगे। आरोपियों का अपराधिक रेकॉर्ड खंगाला जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी नशे के आदी हैं।
यहां के गुरुघरों को बनाया निशाना
फतेहगढ़ गोदाराबास, श्यामसिंहबास, फतेहगढ़ पुरूषोत्तमबास, करणीसर, मानकसर के दो गुरुघरों में, कालवासिया सादुलशहर, बुधसिंहवाला श्रीगंगानगर, टिब्बी कस्बे के दो गुरुघरों में, सिलवाला खुर्द, सहजीपुरा, भागसर, गुरुघर लालबाई श्रीगंगानगर तथा सूरतगढ़ गुरुद्वारे में चोरी।
इन मंदिरों व गोशाला में चोरी
शनि मंदिर टाउन, श्याम मंदिर टाउन, सहारणी मन्दिर टिब्बी, हनुमान मन्दिर कुलचन्द, गांव बशीर स्थित मंदिर, भागसर के मंदिर, लखासर मोड़ के हनुमान मन्दिर गोलूवाला, दुलमाना स्थित मंदिर, सूरतगढ़ स्थित मंदिर, गांव लालबाई स्थित मंदिर श्रीगंगानगर तथा लालबाई स्थित गोशाला एवं कालवासिया स्थित गोशाला में चोरी करना स्वीकारा है।
दो शराब ठेकों पर भी धावा
गुरुद्वारों एवं मंदिरों के अलावा चोर गिरोह ने दो शराब ठेकों को भी निशाना बनाया है। आरोपियों ने दुलमाना तथा बहलोलनगर के शराब ठेकों से चोरी करना स्वीकारा है। इसके अलावा गांव मानुका तथा 31 एसएसडब्ल्यू श्यामसिंहवाला पंचायत घर में चोरी करना मंजूर किया है।