
हनुमानगढ़ में होगा 100 कुंडीय श्री गणेश पंचायतन महायज्ञ
-मनोज कुमार गोयल
हनुमानगढ़. वैदिक कायाकल्प परिवार हनुमानगढ़ की ओर से अखिल भारत वर्षीय धर्म संघ व स्वामी करपात्री फाउंडेशन के सहयोग से जिला मुख्यालय पर 100 कुंडीय श्री गणेश पंचायतन महायज्ञ व श्रीमद् भागवत कथा, संत समागम 11 से 17 मार्च तक करवाया जाएगा। जिला मुख्यालय पर यह आयोजन प्रथम बार होने जा रहा है। सनातन संस्कृति के अनुरूप अलौकिक, अद्वितीय, विलक्षण, रिद्धि सिद्धि प्रदायक मंगल मूर्तिदायक यह धार्मिक आयोजन हनुमानगढ़ टाउन में बाइपास पर स्थित दशहरा ग्राउंड में होगा। आयोजन का उद्देश्य संसार के प्राचीनतम ग्रंथ भारतीय वेदों के द्वारा संस्कृति का संरक्षण, नैतिकता एवं चारित्रिक विकास, आध्यात्मिक उन्नति, स्वास्थ्य संरक्षण एवं संवर्धन करवाया है। कार्यक्रम में वैदिक क्रियों से यज्ञ करवाया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन गुरु समर्थ श्री त्रिंबकेश्वर चैतन्य जी महाराज व डॉक्टर गुण प्रकाश जी चैतन्य महाराज के सानिध्य में हनुमानगढ़ की पावन धरा पर प्रथम बार होगा। कार्यक्रम में देश भर से कई विद्वान संत और ऋषि-महर्षि और साधु संत शिरकत करेंगे। इसमें हनुमानगढ़ क्षेत्र वासियों की मंगल कामना व किसी भी प्रकार के कुंडलीय दोष से मुक्ति, पूर्ण नकारात्मकता दूर हो सके, जीवन में सुख समृद्धि व पुण्य की प्राप्ति हो, इस निमित्त यज्ञ होगा। इसमें शामिल होने के लिए निशुल्क फार्म वितरण किए जाएंगे।
हनुमानगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात संपूर्ण भारत में यज्ञ किए जाएंगे और यज्ञ फार्म वितरित किए जाएंगे। प्रथम एक करोड़ 25 लाख यज्ञ फॉर्म को एकत्रित करके तीर्थ स्थल प्रयागराज की पावन धरा पर आयोजित महाकुंभ में 13 जनवरी 2025 से 26 फरवरी 2025 के दौरान 251 वैदिक विद्वानों द्वारा इन सभी सदस्यों के लिए धार्मिक अनुष्ठान किया जाएगा। एकत्रित फॉर्म से कोई दान अपेक्षित नहीं है, क्योंकि महाकुंभ में यह आयोजन जन लोक कल्याण की भावना से धार्मिक अनुष्ठान किया जा रहा है। फार्म से संबंधित सूचना व प्रक्रिया की जानकारी जल्द ही सार्वजनिक होगी।
कार्यक्रम की तैयारियां आरंभ
वैदिक कायाकल्प परिवार हनुमानगढ़ की ओर से 100 कुंडीय श्री गणेश पंचायतन महायज्ञ व श्रीमद् भागवत कथा, संत समागम की तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। आयोजन को लेकर अलग अलग दायित्व प्रदान किए गए हैं। इसके लिए विभिन्न आयोजन समितियां बनाई गई हैं। जंक्शन एवं टाउन में विभिन्न दायित्व इस निमित्त दिए जाएंगे। आयोजन में देश भर से अखिल भारत वर्षीय धर्म संघ व स्वामी करपात्री फाउंडेशन से जुड़े श्रद्धालु शामिल होंगे। वैदिक कायाकल्प परिवार के सदस्य सुमित गुप्ता के अनुसार आयोजन के लिए सभापति सुमित रणवा, सुभाष चंद्र गुप्ता, अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष एवं व्यवसायी बालकिशन गोल्याण, श्री गोविन्द धाम गोशाला के अध्यक्ष एवं व्यवसायी इंद्र हिसारिया, विनोद खदरिया, सामाजिक कार्यकर्ता सुमन चावला, भरत चावला, प्रदीप गुप्ता, अमित गुप्ता, अश्विनी गर्ग, एडवोकेट प्रताप सिंह शेखावत, सुनील चहल, अशोक गुप्ता, ध्रुव रिणवा सहित शहर के प्रबुद्ध वर्ग का सहयोग लिया जा रहा है।
चैतन्य महाराज कर चुके हैं हनुमानगढ़ दौरा
100 कुंडीय श्री गणेश पंचायतन महायज्ञ व श्रीमद् भागवत कथा, संत समागम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर डॉक्टर गुण प्रकाश जी चैतन्य महाराज गत पखवाड़े हनुमानगढ़ का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने शहर के आधा दर्जन स्थानों का आयोजन के लिए निरीक्षण किया और तत्पश्चात टाउन का दशहरा मैदान धार्मिक आयोजन के लिए निर्धारित किया गया।
वैदिक क्रियाओं से होगा यज्ञ व श्रीमद् भागवत कथा
यज्ञ एक विशिष्ट वैज्ञानिक और आध्यात्मिक प्रक्रिया है। जिसके द्वारा मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है और परम गति की प्राप्ति कर सकता है। अखिल भारतवर्षीय धर्म संघ व स्वामी करपात्री फाउंडेशन एवं वैदिक कायाकल्प परिवार द्वारा अनेकों महायज्ञ व यज्ञ, वैदिक प्रक्रिया द्वारा देश के सिद्ध साधक संतों और ऋषि मुनियों द्वारा समय-समय पर लोक कल्याण के लिए किए गए हैं। आदि गुरु श्री शंकराचार्य जी महाराज के बाद से क्रमश: जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री ब्रह्मानंद सरस्वती जी महाराज,अनंत श्री विभूषित यति चक्र चूड़ामणि, अभिनव शंकर विश्ववंदन धर्म सम्राट स्वामी श्री करपात्री जी महाराज, जगतगुरु शंकराचार्य श्री कृष्णा बौद्धाश्रम जी महाराज, जगतगुरु शंकराचार्य श्री निरंजन देव तीर्थ जी महाराज, जगतगुरु शंकराचार्य श्री माधवाश्रम जी महाराज, पूज्य श्री विष्णु आश्रम जी महाराज, पूज्य धर्म धुरंधर यज्ञ सम्राट वीरवर्ती श्री प्रबल जी महाराज से यह परम्परा चल रही है। इसी परंपरा के अनुसरण में गायत्री तपोनिस्ट समर्थ श्री त्रिंबकेश्वर चैतन्य जी महाराज व श्री विद्या समाराधक तरुण तपस्वी डॉक्टर गुण प्रकाश चैतन्य जी महाराज वैदिक क्रियों द्वारा यज्ञ व श्रीमद् भागवत कथा करवाएंगे।
Published on:
19 Jan 2024 12:16 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
