सोमवार को भी बरामद की थी नकदी
पिपरिया. चुनाव आचार संहिता में चैक पोस्टों पर एफएसटी टीम द्वारा की जा रही जांच में सोमवार को पिपरिया में एक बोरी में दस लाख रुपए मिले थे। दो लोग बाइक पर यह राशि लेकर जा रहे थे। तस्दीक करने पर वे जिला सहकारी बैंक के कर्मचारी निकले और राशि किसानों की। पुलिस ने दोनों एवं बैंक प्रबंधन को इस तरह लापरवाही पूर्वक इतनी बड़ी राशि लेकर जाने पर जमकर फटकार लगा राशि हवाले कर दी थी।
मंगलावारा पुलिस ने बताया कि सोमवार को बीच शहर में दो लोगों को बाइक से जाते रोक कर तलाशी ली तो एक बोरी में दस लाख रुपए निकले। थाने लाकर पूछताछ की तो यह राशि जिला सहकारी बैंक की निकली। बाइक जिला सहकारी बैंक का कर्मचारी चंद्रमोहन दुबे चला रहा था और पीछे सिविल डे्रस में गार्ड था। उसके पास हथियार भी नहीं था। दोनों किसानों को राशि वितरित करने भारतीय स्टेट बैंक में चैक जमा कर नगद दस लाख रुपए लेकर जिला सहकारी बैंक जा रहे थे। पकड़े जाने पर दुबे ने मैनेजर से अधिकारियों की फोन पर बात कराई। एफएसटी दल प्रभारी एसएस पगारे ने दस लाख रुपए की दस्तावेजी जांच बैंक जाकर की। सभी तथ्यों पर बारीकी से पूछताछ के बाद ही जिला सहकारी बैंक को यह राशि सुपुर्द की गई। एसडीओपी रणविजय सिंह असुरक्षित तरीके से सरकारी राशि परिवहन करने पर फटकार लगाई। एसडीओपी ने कहा आगे से वर्दीधारी गार्ड, बंदूक और चार पहिया वाहन का उपयोग अनिवार्य रुप से करें, लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
चैक पोस्टो पर सक्रिय है दल : निर्वाचन आयोग ने मटकुली, सांडिया, बनखेड़ी सीमा के छोर पर एसएसटी और एफएसटी दल तैनात किए हैं। दल संदेह होने पर वाहनों की चैकिंग कर रहे हैं। चुनाव में खपाई जाने वाले नंबर दो की राशि, शराब, संदिग्ध लोग सीमा में प्रवेश नहीं करे इसके लिए चैक पाइंट बनाए गए हैं।