
गन्ना रस विक्रेताओं ने रोड पर भी कर लिया अतिक्रमण
इटारसी. शहर में मुख्य बाजारों से लेकर अन्य खाली जगहों पर अतिक्रमण से आम लोगों को परेशानी हो रही है। ताजा मामला गांधी स्टेडियम के सामने अटल पार्क से लगे कार पार्किंग परिसर का है। यहां गन्ने की रस की दुकानें लगाई जा रही है, लेकिन दुकानदारों ने रोड तक टेंट लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया। बुधवार को जानकारी मिलने पर राजस्व प्रभारी परमेश्वर चौधरी ने मौके पर पहुंचकर सभी को 24 घंटे के भीतर दुकानें बार्डर लाइन से 5 फीट और अंदर करने के आदेश दिए। ना मानने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
शहर में मुख्य बाजारों से लेकर गांधी स्टेडियम के सामने, सूरजगंज, देशबंधुपुरा, बस स्टैंड, स्टेशन रोड आदि में दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है।इससे सड़कों की चौड़ाई कम होने से वाहन चालकों समेत आमलोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। मुख्य बाजार में तो प्रशासन हर माह कार्रवाई कर रहा है, पर दुकानदार भी इतने ठीठ है कि अधिकारियों के जाते ही वही ढाक के तीन पात वाली कहावत को चरितार्थ करते हैं।
जहांतहां दुकानें लगा रहे गन्ना रस वाले
शहर के गांधी स्टेडियम के सामने जगह कार पार्किंग की के लिए आरक्षित है। हालांकि यहां नगर पालिका ने तिब्बतियों के बाद अब गन्ना रस विक्रेताओं को अस्थाई जगह दी है। पिछले एक सप्ताह से तिलक सिंदुर मेला में प्रशासनिक व्यस्तता का फायदा उठाते हुए यहां 7-8 गन्ना रस बेचने वाले विक्रेताओं ने रोड के हिस्से को भी अतिक्रमण कर दुकानें लगा ली। अभी ये दुकानें शुरू नहीं हुई कि इससे पहले ही रोड पर जाम लगने लगा।
चेतावनी के बाद भी नहीं छोड़ा अतिक्रमण
आमलोगों से इसकी शिकायत मिलने पर नगर पालिका का राजस्व अमला बुधवार को मौके पर पहुंचा और मुआयना करने पर शिकायत सही पाई। राजस्व प्रभारी परमेशवर चौधरी ने सभी विक्रेताओं को अपने टेंट अंदर करने को कहा। यही नहीं, रोड पर लगे सफेद बार्डर से भी 5 फीट छोड़कर दुकानें लगाने को कहा। इसके बाद सिर्फ 2-3 विक्रेताओं ने टेंट खोलकर रोड से अंदर कर लिया, लेकिन कुछ अन्य विक्रेता नपा के आदेश को धत्ता बता रहे हैं।
अटल पार्क के सामने रोड तक लग रही दुकानें
उधर गन्ना रस विक्रेताओं ने अटल पार्क के प्रवेश द्वार के पास भी दुकानें बढ़ाकर लगानी शुरू कर दी है। आमतौर पर गन्ना रस बेचने वालों को एक मशीन और 4-6 कुर्सियों की जरूरत होती है, लेकिन इन विक्रेताओं ने 20 बाय 20 फीट में दुकानें लगा रहे हैं। इनको नपा के खौफ का डर नहीं है।
दुकानों से आवाजाही में होगी परेशानी
नगर पालिका की अनदेखी का फायदा उठाकर रोड पर दुकानें लगने से आम जनता को परेशानी हो रही है। सूरजगंज चौराहे से लेकर स्टेशन गेट तक गन्ना रस समेत कई दुकानों के बाहर खड़े वाहनों से दिन में कई बार जाम लग जाता है। चूंकि ग्राहक भी गन्ना रस पीने आते हैं, तो वाहनों को दुकान के सामने रोड पर खड़े कर देते हैं। फ्रेडंस स्कूल के सामने से लेकर ऑडीटोरियम तक ये स्थिति रोज करीबन चार महीने तक बनी रहेगी। उल्लेखनीय है कि कोरोना कॉल 2019 से पहले इस रोड पर शाम को वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है। इससे पहले भी यही क्रम वर्षों से चला आ रहा है, फिर भी प्रशासन जानबूझकर ध्यान नहीं दे रहा है।
इनका कहना है
शहर में गन्ना रस की दुकानें जहांतहां लगाई जाने की शिकायत मिली है, वही कुछ दुकानदार रोड को घेरकर दुकानें लगा रहे हैं। इसकी शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोई भी दुकानें नगर पालिका के निाब अनुमति की नहीं लगेगी।
- एमएस रघुवंशीे, एसडीएम, इटारसी।
गन्ना रस की दुकानें लगाने के लिए हमने आवेदन मंगाए थे। जिनको अनुमति दी गई है, उन्हें जगह चिन्हित कर दी गई है। निर्धारित क्षेत्र में ही दुकानें लगाने को कहा है। अगर रोड घेरने की कोशिश दुकानदार करेंगे, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- हेमेश्वरी पटले, सीएमओ, नगर पालिका, इटारसी।
Updated on:
03 Mar 2022 12:24 am
Published on:
03 Mar 2022 12:24 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
