
सरकारी अस्पताल में मरीजों को मिलेगी स्वच्छ हवा
इटारसी. पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सरकारी अस्पताल का नया भवन बनने के बाद इसे संवारने का काम अब तेजी से शुरू कर दिया गया है। सरकारी अस्पताल भवन के भीतर जहां वार्डों के लिए नए पलंग आ गए हैं, वहीं अस्पताल परिसर को भी पर्यावरणीय अनुकूल बनाने की पहल एसडीएम एमएस रघुवंशी ने शुरू कर दी है। मरीजों को स्वस्थ हवा के साथ पर्यावरणीय माहौल देने पीएम रूम से लगे खुले मैदान पर खूबसूरत पार्क का निर्माण शुरू किया गया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार पीएम रूम के पास खाली पड़ी दलदली जमीन को मलबा और मिट्टी से भरकर पार्क की जगह तैयार की जा रही है। लगभग 20 हजार वर्गफीट क्षेत्र में खूबसूरत पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए जन सहयोग लिया जाएगा।
पार्क में तार फैंसिंग हुई, अब पौधरोपण होगा
अस्पताल परिसर में कहीं भी गार्डन नहीं है। जिससे मरीज और उनके साथ आए परिजनों को स्वच्छ हवा मिल सके। इस कमी को पूरा करने के लिए एसडीएम रघुवंशी की पहल पर जनसहयोग से पार्क का निर्माण शुरू किया गया है। प्रबंधन के अनुसार इस पार्क के तार फेंसिंग का काम पूरा कर लिया गया है। भीतर काली मिट्टी का स्ट्रचर तैयार कर रहा है। इसके बाद चारों ओर पाथवे और एक दर्जन से अधिक सीमेंट के बेंच बैठने के लिए बनाए जाएंगे। इसके बाद जन प्रतिनिधियों और समाजसेवियों की मदद से पौधरोपण किया जाएगा।
अभी परिसर में एक छोटा सा पार्क है
मुखर्जी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार परिसर में अभी रोटरी क्लब द्वारा निर्मित एक पार्क है, जोकि छोटा है। इसमें 2-4 छायादार पौधे लगे हैं। वहीं बेंच और पाथवे बना दिया गया है। अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या के हिसाब से रोटरी पार्क बहुत छोटा है। यह विकसित भी नहीं है। इसमें लगाए तार फेसिंग टूट चुके हैं। जिससे मवेशी घुस जाने से मरीजों के परिजनों को डर बना रहता है।
पार्क में औषधीय पौधे लगाने की है योजना
प्रबंधन की योजना है कि इस नए पार्क में हर्बल औषधियुक्त पौधों के साथ छायादार पौधे जैसे आम, पीपल, पीपीते आदि लगाए जाएं। इससे पार्क परिसर में पर्यावरणीय और स्वच्छ हवा मरीजों और परिजनों को मिलेगी। वहीं परिसर भी हरा- भरा रहेगा। इसी तरह बाल पोषण भवन के सामने भी खाली जगह छोटी सा पार्क बनाने की योजना है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन इस जगह के उपयोग को लेकर तय नहीं किया है।
पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल परिसर मेें एक विशाल पार्क का निर्माण जनसहयोग से कर रहे हैं। इस पार्क को आम नागरिकों के अलावा स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और नगर पालिका, वन विभाग आदि मिलकर संवारेंगे, ताकि मरीजों को स्वच्छ और पर्यावरण माहौल मिल सके। वहीं नए भवन की सुंदरता भी बढ़ जाएगी। प्रयास करेंगे कि अगले दो महीने में यह पार्क बन जाए।
डॉ. राकेश चौधरी, अधीक्षक, पं. श्यामा प्रसाद मुखजी अस्पताल, इटारसी।
Published on:
22 Feb 2022 06:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
