
महीनों से बीजनबाड़ा ग्राम में अटका था टंकी का निर्माण
पिपरिया. नल जल योजना के तहत बीजनबाड़ा ग्राम पंचायत में सवा करोड़ की लागत से पेयजल टंकी निर्माण में भूमि संबंधी विवाद का निराकरण हो गया है। पीएचई को सिंचाई विभाग मंत्रालय उप सचिव ने निर्माण के लिए अनुमति आदेश जारी कर दिया है। पेयजल संकट से जूझते ग्राम पंचायत को आने वाली गर्मी में टंकी निर्माण से बड़ी राहत मिलेगी।
बीजनबाड़ा ग्राम पंचायत में नल जल योजना के तहत शासन ने ढाई करोड़ की लागत से पाइप लाइन सहित पेयजल टंकी का निर्माण स्वीकृत किया था। सवा करोड़ से एक टंकी का निर्माण ग्राम पंचायत क्षेत्र में हो चुका है दूसरी पेयजल टंकी निर्माण सिंचाई विभाग कार्यालय से सटी भूमि पर किया जाना था। सिंचाई विभाग की भूमि पर निर्माण की अनुमति नहीं मिलने से टंकी निर्माण महीनों से अटका था। पीएचई ठेकेदार ने ग्राउंड स्तर पर पिलर आदि निर्माण किया है, लेकिन अनुमति नहीं होने से निर्माण पर रोक लगा दी गई थी।
शासन ने इन शर्तों पर जारी की अनुमति- मप्र शासन जल संसाधन विभाग उप सचिव विनोद सिंह टेकाम ने पेयजल टंकी निर्माण के लिए कुछ शर्तें जारी की है। उप सचिव ने अनुमति में लिखा है जल संसाधान विभाग की 2500 वर्ग फिट भूमि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को टंकी निर्माण के लिए दी जा रही है इस पर स्वामित्व जल संसाधान विभाग का रहेगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सिंचाई विभाग और तवा कॉलोनी को पेयजल उपलब्ध कराएगा। टंकी की सुरक्षा, रख रखाव तथा दुर्घटना संबंधी जवाबदारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की होगी।
पाइप लान बिछी, बिजली कनेक्शन हुआ- बीजनबाड़ा में नल जल योजना के तहत ठेकेदार ने ग्राम, कॉलोनी में 5 किमी पाइप लाइन डालकर नल कनेक्शन पूरा हो चुका है। नलकूप का खनन हो चुका है सीधे पानी सप्लाई का प्रयोग पीएचई कर चुका है। वाटर पंप पर बिजली कनेक्शन सुविधा नहीं थी यह भी विभागीय स्तर पर हल हो गई है बिजली कनेक्शन पूरा हो गया है। एक माह में टंकी बनने पर घर-घर पेयजल की सप्लाई सुचारू हो सकेगी।
भीषण पेयजल संकट से प्रभावित है क्षेत्र- बीजनबाडा विकासखंड में सर्वाधिक पेयजल संकट से गर्मी में जूझता है। यहां जलस्तर २०० से २५० फीट नीचे पहुंच गया है गर्मी में बोर असफल हो जाते हैं खेतों के नलकपों से ग्रामीणों को पेयजल भरना पड़ता है। जल संकट को देखते हुए पीएचई ने नलजल योजना में ग्राम पंचायत को शामिल कर प्रस्ताव भेजा था यह स्वीकृत हो गया है। एक टंकी का निर्माण भी पूरा हो गया है। दूसरी टंकी अनुमति के फेर में अटकी थी अब यह समस्या भी दूर हो गई है।
इनका कहना है
मप्र शासन जल संसाधान विभाग से टंकी निर्माण की अनुमति शर्तो के अधीन मिली है उसे पूरा किया जाएगा। पेयजल टंकी निर्माण एक से डेढ़ माह में पूरा कराएंगे। पाइप लाइन बिछी है नलकूप खनन हो चुका है टंकी बनने पर पेयजल सप्लाई ग्राम में सुचारु होगी।
केजी माहेश्वरी, एसडीओ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पिपरिया
Published on:
24 Feb 2020, 2:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.