
मिलों के प्रदूषण से उपजेल के बंदी परेशान, एसडीएम ने जारी किया अंतरिम आदेश
पिपरिया. पचमढ़ी रोड क्षेत्र में संचालित मिलों के प्रदूषित कचरे से इलाके के लोग लंबे समय से प्रभावित हैं। मिलों से सटे उपजेल के विचाराधीन बंदी और स्टॉफ सबसे अधिक प्रभावित हैं। लगातार शिकायतों के बाद अनुविभागीय दण्डाधिकारी ने गुरुवार को धारा 133 सीआरपीसी के तहत मिल संचालकों के खिलाफ अंतरिम आदेश जारी कर जवाब पेश करने निर्देशित किया है। पचमढ़ी रोड मिलों से सटे उपजेल और कॉलोनियों के निवासियों को प्रदूषित कचरे से लंबे समय से जूझना पड़ रहा है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी न्यायालय ने गुरुवार को सहायक जेल अधीक्षक उप जेल पिपरिया जिला होशंगाबाद के माध्यम से मिले आवेदन की जांच के बाद जनहित में मिल संचालकों के खिलाफ अंतरिम आदेश पारित किया है। सहायक जेल अधीक्षक ने शिकायत में उल्लेख किया है कि निरंतर धान भूसी, अपशिष्ट रासायनिक पदार्थो की बदबू से बंदी और स्टॉफ अनेक बीमारियों से जूझ रहे हंै। स्टॉफ और विचाराधीन बंदी सर्दी, खांसी, आंखों में जलन, खुजली, श्वास संबंधी रोगों से जूझने को मजबूर है। मिलों के लगातार शोर से लोग परेशान हैं। निरीक्षण के दौरान भी उपजेल प्रभारी अधिकारी को विचाराधीन बंदियों ने प्रदूषण से हो रही बीमारियों से अवगत कराया है। साथ ही मिलों को अपशिष्ट जहरीला कचरा ट्रकों से मछवासा नदी के किनारे फेंका जा रहा है जो हवा में उड़कर आसपास के घरों में जाता है किसानों को इस प्रदूषण से जूझना पड़ता है। अनुविभागीय दंडाधिकारी उपजेल के पास संचालित आधा दर्जन धान मिल, दाल मिल संचालकों के खिलाफ अंतरिम आदेश पर न्यायालय में उपस्थित होकर जवाब पेश करने निर्देशित किया है।
Published on:
20 Mar 2020, 3:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.