
Deferment
इटारसी. रविवार रात हनुमान मंदिर के पास अप वेटिंग लाइन पर वैगन के डीरेलमेंट के मामले में रेलवे ने प्वाइंट्स मैन महेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया। प्राथमिक जांच में प्वाइंट्समेन द्वारा प्वाइंट सेट नहीं करने की बात सामने आई थी। इस मामले में ड्रायवर डीएस राठौर पर भी कार्रवाई हो सकती है। बताया जा रहा है कि सिग्नल नहीं होने के बाद भी ड्रायवर ने गाड़ी आगे बढ़ा दी थी। इस संबंध में डीआरएम शोभन चौधुरी ने बताया कि अभी प्वाइंटमैन पर कार्रवाई की गई है। जांच में ड्रायवर हो या अन्य कोई कर्मचारी सभी पर कार्रवाई की जाएगी।
यार्ड पहुंचा वेगन - रविवार रात अप वेटिंग लाइन पर खंबा नंबर 1330 के पास रिले पॉइंट 308 पर पॉइंट सेट नहीं होने से एसपीएम से नासिक के लिए नोट का कागज लेकर जा रही वैगन क्रमांक एसपीएम ००१ व ००३ पटरी से उतर गए थे। हालांकि हादसा अप वेटिंग लाइन पर होने की वजह से रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ लेकिन रेलवे ने गंभीरता से मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं डीरेल होने वाले वेगन को यार्ड में पहुंचाया गया है।
नोटों के कागज से भरे दो डिब्बे हो गए थे बेपटरी
रविवार को नोटों के कागज से भरे दो डिब्बे रेल की पटरी से उतर गए थे। यह डिब्बे होशंगाबाद एसपीएम से इटारसी लाए गए थे। हादसा शंटिंग के दौरान रविवार रात ९ बजे के आसपास हनुमान मंदिर के पास हुआ था। हूटर बजते ही पूरा रेलवे स्टॉफ एलर्ट हो गया और रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे थे। सिक्युरिटी पेपर मिल होशंगाबाद के साइडिंग से इटारसी साइडिंग ले जाते समय शंटिंग के दौरान एसपीएम टीवी कोच क्रमांक ००१ और ००३ अप वेटिंग लाइन पर बेपटरी हो गए थे। दोनों डिब्बों में नोटों के कागज भरे हुए थे। इन डिब्बों को इटारसी से किसी गाड़ी में लगाकर नासिक भेजा जाना था। घटना की सूचना मिलते ही यहां स्टेशन प्रबंधक एसके जैन, आरपीएफ स्टॉफ के साथ अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी यहां पहुंच गए थे। हादसे से मेन लाइन बाधित नहीं हुई इसलिए ट्रेेनों के आवागमन पर असर नहीं पड़ा है। बताया जा रहा है कि वैगन के अंदर एसपीएम का करंसी पेपर कार्टून में रखा था। इसकी सुरक्षा के लिए इसमें एसपीएम के सुरक्षाकर्मी भी थे। इस कोच में रेलवे गार्ड राहुल श्रोती ऑन ड्यूटी थे और शंटिंग मास्टर महेश एवं इंजन चालक स्टॉफ में राठौर मौजूद थे। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने मौके पर ही शंटिंग मास्टर और गार्ड का एल्कोहल टेस्ट व्रीथ एनालाइजर से किया।
Published on:
13 Nov 2018, 11:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.