सिवनीमालवा.कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश मे लॉक डाउन लगा हुआ है। वही लॉक डाउन का उल्लंघन कर सिवनीमालवा में धड़ल्ले से शराब की बिक्री की जा रही है। शराब कारोबारी दो से ढाई गुना रेट पर शराब बेच रहे हैं। ऐसा ही एक मामला शनिवार की रात सिवनीमालवा पुलिस ने गांधी चौक पर चैंकिंग के दौरान पकड़ा। थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बाइक पर सवार दो युवकों को बोतल में बीयर लाते हुए पकड़ा। जब उक्त युवकों से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने पुलिस को बताया कि होटल कैलाश सरोवर बार बानापुरा से डॉट बीयर खरीद कर लाए है। जिसके बाद थाना प्रभारी ने तुरंत आबकारी विभाग को इसकी सूचना दी। देर रात आबकारी विभाग के अधिकारी सुयश फ़ौज़दार और पुलिस ने कैलाश सरोवर बार पहुंच कर जांच की तो बार की सील टूटी हुई मिली। संयुक्त टीम ने पूरे परिसर में जांच करने के बाद मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए बार में रखे बियर और शराब के स्टॉक को जब्त किया गया। थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि मामले में आरोपी अभिषेक गौर, विष्णु प्रजापति पर धारा 188 और 34 आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 7 पेटी बियर और एक पेटी शराब के साथ ही डॉट बियर की केन भी जब्त की गई है।