
क्यों कर रहे ट्रक चालक मनमानी, जिससे लोग हो रहे परेशान
इटारसी. शहर में प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों का खुलेआम प्रवेश हो रहा है। खासकर ट्रक- डंपर सर्वाधिक आबादी वाले हिस्से सूरजगंज- मालवीय गंज क्षेत्र में आ रहे हैं। इससे हादसों का खतरा बान हुआ है। क्योंकि इस समय स्कूल खुलने से सैकड़ों बच्चे और पैरेटस ऑटो, दोपहिया वाहनों आदि से आवाजाही कर रहे हैं।
प्रशासन ने हर दिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक बाजार और शहरी क्षेत्र के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध का नियम बनाया है। शहर में प्रवेश करने वाले रास्ते पर पाबंदी का बोर्ड भी लगा है। लेकिन ट्रक ड्राइवरों को बोर्ड और प्रशासन के आदेश से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें सिर्फ रास्ता दिखाई देता है। प्रतिबंध के बावजूद दिन-भर भारी वाहनों की आवाजाही होती रहती है।
रेलवे स्टेशन तिराहा, अस्पताल रोड, सूरजगंज मार्ग, न्यास कॉलोनी, लाइन एरिया प्रभावित है। भीड़ भरे मार्गों पर भारी वाहनों के निकलने और पार्किंग की समस्या को लेकर नगरपालिका, पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कई बैठकें हुई और योजना बनी, लेकिन इस पर अमल नहीं हो पा रहा है।
लाइन एरिया और सूरजगंज क्षेत्र में आ रहे भारी वाहन
गांधी मैदान के सामने से लेकर स्टेशन रोड तक भारी वाहनों के प्रवेश से सड़क पर जाम लग रहा है। गांधी मैदान के सामने गन्ना रस वालों की दुकानों ने जाम को और बढ़ा देते हैं। वही ट्रांसपोर्ट नगर नहीं होने से लाइन एरिया में वाहनों से माल की लोडिंग-अनलोडिंग दिन में होती रहती है।
ट्रैफिक पुलिस बनी मूकदर्शक
़प्रशासन ने स्टेशन रोड पर गोठी धर्मशाला के सामने दो ट्रैफिक पुलिस वालों को खड़े कर तो दिए, लेकिन ये मूकदर्शक बने रहते हैं। अधिकतर समय ये मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। इनके सामने से मालगोदाम और सूरजगंज- मालवीयगंज में भारी वाहन आते जाते हैं, लेकिन इनको रोकते नहीं है। वही ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि प्रतिबंधित समय में भारी वाहन के प्रवेश करने पर जुर्माना किया जाता है, लेकिन फिर भी ये वाहन खुलेआम शहर के भीतर घनी आबादी वाले कॉलोनियों में आ रहे हैं।
हादसों का खतरा
शहर के भीतर ट्रक- डंपर के आने से हादसों का खतरा रहता है। अभिभावक संघ के दशरथ चौधरी ने कहा कि स्कूल खुल गए हैं। ऐसे में भारी वाहनों के आने से ऑटो, दोपहिया वाहन या मैजिक में आने वाले बच्चों के साथ हादसे का डर रहता है। खासकर सूरजगंज- मालवीयगंज क्षेत्र में सरकारी और निजी स्कूल है, जहां शहर के सबसे अधिक बच्चे पढ़ते हैं। इस क्षेत्र में सीमेंट- सरिया व्.वसायी है, जिनकी भारी वाहन आते हैं। प्रशासन को इस क्षेत्र में भारी वाहनों पर रोक लगाना चाहिए।
इनका कहना है
शहर में केवल मालगोदाम को छोड़कर कही भी भीतरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध दिन में सुबह 9 से शाम 9 बजे तक है। अगर इस बीच कोई भारी वाहन आ रहे हैं, तो संबधित ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- एमएस रघुवंशी, एसडीएम, इटारसी।
Published on:
10 Mar 2022 12:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
