
देश की राजधानी दिल्ली या कुछ अन्य जगहों पर जहां कोरोना से जंग में जान जोखिम में डालने वालों के प्रति बदसलूकी की खबरें आ रही हैं, वहीं मध्य प्रदेश का एक छोटा सा शहर पूरे देश को सीख दे रहा है। यहां कोराेना वारियर्स को सम्मानित किया जा रहा। हालांकि, इन जांबाजों को सम्मान करते समय लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल भी रख रहे हैं।
होसंगाबाद के पिपरिया शहर में कोराना वारियर्स को शाॅल आेढ़ाकर लोगों ने सम्मानित किया। शुक्रवार को पिपरिया के एक मोहल्ले में कोरोना वारियर्स को सम्मानित किया गया। आनन्द बाग काॅलोनी के लोगों ने संयुक्त रूप से इन वारियर्स को फूलों का गुलदस्ता, शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया। पं.सीताराम पांडे ने मंत्रोच्चार के साथ स्वास्थ्य सेनानी निर्मला राजपूत को आशीर्वाद दिया। अजय घुरका, देवेश तोमर, अंजू घुरका आदि ने काॅलोनीवासियों की ओर से कोरोना वारियर्स को शुभकामनाएं दी गई।
कोराेना से जंग में जी जान से जुटे लोगों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मोहल्लावासियों ने कहा कि इस देश का हर नागरिक इन वारियर्स के जज्बे को सलाम करता है। इन लोगों की वजह से ही आमजन सुरक्षित है।
By: Shakeel Niyazi