इंदौर

स्मार्ट सिटी की सडक़ की बुरी हालत देख भडक़ीं सीईओ, कर्ताधर्ताओं को लगाई जमकर फटकार

डेढ़ माह में मच्छी बाजार से सिलावटपुरा तिराहा तक सडक़ निर्माण कार्य पूरा करने के दिए आदेश

2 min read
Oct 31, 2019
स्मार्ट सिटी की सडक़ की बुरी हालत देख भडक़ीं सीईओ, कर्ताधर्ताओं को लगाई जमकर फटकार

इंदौर. आज सुबह स्मार्ट सिटी की अधूरी सडक़ देखकर सीईओ भडक़ गई। पहले तो उन्होंने जहां निर्माण एजेंसी के ढीलपोल तरीके से काम करने पर कर्ताधर्ताओं को जमकर फटकार लगाई, वहीं डेढ़ माह में मच्छी बाजार से सिलावटपुरा तिराहा तक सडक़ निर्माण कार्य पूरा करने के आदेश दिए। इसके साथ ही रोड निर्माण पर नजर रखने वाले स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अफसरों को भी तय समय सीमा में काम पूरा कराने की सख्त हिदायत दी गई।

सरवटे से गंगवाल बस स्टैंड तक रोड चौड़ीकरण का काम लंबे समय से चल रहा है। रोड पर बाधक निर्माण हटने के बावजूद कछुआ चाल से काम हो रहा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की महत्वपूर्ण सडक़ पर जगह-जगह अधूरे काम अलग पड़े हैं। इन्हें पूरा कराने में प्रोजेक्ट के अफसर जहां लेट कर रहे हैं, वहीं निर्माण एजेंसी का भी कामकाज धीमा है। सरवटे से गंगवाल बस स्टैंड तक चौड़ी हो रही रोड के बीच मच्छी बाजार से कड़ावघाट और नया पीठा होते हुए सिलावटपुरा दरगाह चौराहे तक 700 मीटर के इस टुकड़े को बनाने में निगम को लंबा समय लग गया है, जबकि इस रोड पर धार्मिक स्थलों को छोडक़र बाकी सब बाधक निर्माण हट गए हैं। रोड निर्माण की धीमी चाल के चलते लोगों ने सडक़ पर फिर से कब्जा करना शुरू कर दिया है। रोड का निर्माण जल्द से जल्द पूरा हो इसके लिए आज सुबह ७ बजे स्मार्ट सिटी सीईओ अदिति गर्ग ने मच्छी बाजार से सिलावटपुरा दरगाह तिराहे तक का निरीक्षण किया। इस दौरान स्मार्ट सिटी के अधीक्षण यंत्री डीआर लोधी, विद्युत विभाग के सिटी इंजीनियर राकेश अंखड, जल यंत्रालय एवं ड्रेनेज विभाग के सहायक यंत्री सुनील गुप्ता और रोड निर्माण एजेंसी लैंडमार के कर्ताधर्ता मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान सीईओ गर्ग ने मच्छी बाजार से सिलावटपुरा दरगाह चौराहे तक बन रही सडक़ के काम की धीमी चाल को लेकर जहां गहरी नाराजगी जाहिर की, वहीं निर्माण एजेंसी लैंडमार के रोड निर्माण में लेटलतीफी करने पर फटकार अलग लगाई। स्मार्ट सिटी रोड की हालत देखकर भडक़ीं सीईओ गर्ग ने निर्माण एजेंसी और स्मार्ट सिटी के अफसरों को सख्त हिदायत दी है कि जल्द से जल्द काम पूरा किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने डेढ़ माह में रोड निर्माण का काम पूरा करने के आदेश दिए हैं। तय समय सीमा में रोड निर्माण कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी अधीक्षण यंत्री लोधी को दी गई है।

इसके साथ ही बिजली पोल शिफ्टिंग का कर्य और सीवर की पाइप लाइन डालने का काम समय सीमा में पूरा करने के आदेश संबंधित अफसरों को दिए हैं। रोड बनाने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि को कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। मच्छी बाजार से सिलावटपुरा दरगाह तक बन रही रोड का निरीक्षण करने के दौरान सीईओ गर्ग ने धार्मिक स्थलों को भी देखा जो कि रोड निर्माण में बाधक हैं। स्मार्ट सिटी सीईओ गर्ग ने मच्छी बाजार से सिलावटपुरा दरगाह तिराहे के साथ छत्रीबाग, नृसिंह बाजार और सीतलामाता बाजार में बन रही रोड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Published on:
31 Oct 2019 04:29 pm
Also Read
View All

अगली खबर