
नकली नोटों के साथ दो लोग गिरफ्तार
मनावर। थाना मनावर को नकली नोटों के दो तस्करों को पकडऩे में सफलता मिली है। एक के पास से पुलिस ने 500 रुपए के 15, 200 रुपए के 38 नकली नोट कुल कीमत 15100 रुपए व 1300 रुपए असली नोट व मोटर साइकिल एमपी 09 एक्स एफ 3076 जब्त की गई। वहीं दूसरे के पास से 200 रुपए के 38 नकली नोट मिले।
नकली नोट चलाने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक धार आदित्य प्रतापसिंह, अति. पुलिस अधिक्षक देवेनद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी मनावर धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज बिरथरे, थाना मनावर के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बाकानेर उप निरीक्षक अभिषेक जाधव को काम पर लगाया गया।
इसी तारतम्य में 3 नवंबर को उप निरीक्षक जाधव को मुखबिर से सूचना मिली कि भुवादा फांटा बाकानेर पर दो व्यक्ति मोटर साइकिल एमपी-09 एक्स एफ 3076 को खड़ी करके अपनी जेब में नकली नोट लिए मार्केट में चलाने की तैयारी कर रहे हैं। इस पर वे तत्काल फोर्स के साथ रवाना होकर भुवादा फांटे पहुंचे। जहां मुखबिर के बताए अनुसार दो व्यक्ति दिखे। जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा। इनमें एक ने अपना नाम पिंटू चौहान पिता देवराम (20) निवासी खंडवा रोड मोरोद इंदौर व दूसरे ने सूरज पिता विनोद ( 22) साल निवासी मरीमाता इंदौर बताया। पूछताछ करने पर इन लोगों ने अपने पास नकली नोट होना कबूल किया व बताया कि वे इन्हें मार्केट में चलाने की तैयारी कर रहे थे। आरोपी पिंटू के कब्जे से 500 रूपये के 15 नकली नोट कीमत 7500, सभी पर एक ही सीरियल क्रमांक 1टीपी 327263 है। साथ ही 500 रूपये के 2 असली नोट जब्त किए गए। इसी प्रकार आरोपी सूरज की जेब से 200 रुपए के 38 नकली नोट मिले। सीरियल क्र. 0ईई 190501 के 10 नोट, सीरियल क्रमांक 9सीजी 914048 के 12 नोट, सीरियल क्रमांक 1डीआर 286345 के 16 नोट मिले। साथ ही 200 रुपए का एक असली नोट व 100 रुपए का एक असली नोट जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। इस कार्य में थाना प्रभारी मनावर निरीक्षक नीरज बिरथरे के निर्देशन में चौकी प्रभारी बाकानेर उप निरीक्षक अभिषेक जाधव, प्रधान आरक्षक दयाराम, आरक्षक जितेन्द्र, सुरेश, पूनम, अनिल एवं रणजीत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Published on:
05 Nov 2022 10:59 am
