इंदौर

पब में डांस के दौरान विवाद, युवक को मारा चाकू

कल ही हुई थी पब संचालकों संग पुलिस की बैठकसख्त हिदायत के कुछ देर बाद ही फिर वारदात

2 min read
Aug 27, 2023
पब में डांस के दौरान विवाद, युवक को मारा चाकू

इंदौर। पुलिस की सख्ती और हिदायत भी अब बेअसर साबित हो रही है। कल शाम को पब संचालकों की बैठक में विवाद और अपराध हर हाल में रोकने की चेतावनी पुलिस ने दी थी। बैठक खत्म होने के कुछ देर बाद ही खजराना के एक पब में विवाद हो गया। नाचने की बात को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया।

अनुभव जैन पिता संजीव जैन (20) निवासी महालक्ष्मी नगर (मूल निवासी ग्वालियर) की शिकायत पर मिलिंद पिता विनोद नागर निवासी गणेश नगर खंडवा नाका, नावेश पिता ककडू शिंदे निवासी श्रीयंत्र नगर, तरुण पिता दुलीचंद निवासी गणेश नगर, खुशी शुक्ला निवासी चिकित्सक नगर और दीपिका पांडे निवासी तेजाजी नगर के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। अनुभव ने पुलिस को बताया कि वह पब में डांस कर रहा था। इसी दौरान आरोपी अपने दोस्तों के साथ पब में आए। उनके साथ में लड़कियां भी थी। वे डांस करने की बात को लेकर विवाद करने लगे। उसने विरोध किया तो उसके साथ में गाली-गलौज करने लगे। वह लोग बाहर आए तो आरोपी पार्किंग में एक बार फिर मारपीट करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकाल लिया और आनन फानन में सिर और आंख पर मार दिया। आसपास के लोगों के आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
गौरतलब है कि शहर के अलग-अलग पब में विवाद और अपराध की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कल ही पुलिस ने पब संचालकों की बैठक ली थी। इसमें उन्हें बताया गया था कि समय पर पब को बंद करें और इसके साथ ही उनके यहां पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। शाम को पुलिस ने बैठक ली और रात में पब में विवाद हो गया।

मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पब संचालकों को कल चेतावनी दी गई थी कि वह अपने यहां कोई विवाद न होने दें। इसके बाद भी कल विवाद हुआ और चाकू चले। हालांकि चाकू पब के बाहर मारा गया। पब संचालक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। वहीं चाकूबाजी में शामिल सभी आरोपियों को सुबह तक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Published on:
27 Aug 2023 11:43 am
Also Read
View All

अगली खबर