
बेटे का बर्थ-डे मनाने इंदौर आ रहा था पिता, रास्ते में रुपए और मोबाइल लूटकर कर दी हत्या
खरगोन/इंदौर. बीते माह गोगावां थाना क्षेत्र के मोहाली में घटित एक अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को सफलता मिली है। मामले में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एएसपी अंतरसिंह कनेश ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 9 जून को मोहाली के प्यारसिंह पिता मोहनसिंह ने खेत में एक सिर कुचली लाश मिलने की सूचना डायल-100 को दी। पुलिस की पड़ताल में शव की शिनाख्त इंदौर के मूसाखेड़ी निवासी पंकज पिता गुरमीतसिंह पंजाबी (35) के रूप में हुई। पंकज पुलिया निर्माण के काम से रामपुरा गांव में रह रहा था। 8 जून को पंकज इंदौर जा रहा था, तभी अंजनगांव के मुकेश पिता सुरसिंग उर्फ सुरलिया (26) और भूरसिंग पिता भुरस्या पिता फूलसिंग (35) ने पंकज को अपनी बाइक पर बैठा लिया। एएसपी कनेश ने बताया कि पंकज ने बातचीत में दोनों को बताया कि वह अपने बेटे के जन्मदिन मनाने और पैसा देने के लिए इंदौर जा रहा था।
यह बात सुनकर मुकेश और भूरसिंग ने उसे लूटने का मन बनाया। दोनों उसे अंजनगांव लेकर पहुंचे। यहां पंकज के साथ मारपीट कर उससे मोबाइल और पैसा छीन लिया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद रात करीब 1 बजे भूरसिंग पंकज को लेकर मोहाली के एक सुनसान खेत में पहुंचा। यहां पंकज के सिर में बक्खर में लगने वाले लोहे के दांतों से जानलेवा प्रहार किए और सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
युवकों से मोबाइल, कपड़े और बाइक भी बरामद
पुलिस को मुखबिर से पता चला कि मुकेश से सख्ती से पूछताछ की जाए, तो हत्या का खुलासा हो सकता है। इसके बाद पुलिस की पड़ताल में मुकेश ने भूरसिंग के साथ मिलकर पंकज की हत्या की बात कबूली। एएसपी ने बताया कि दोनों युवकों के पास से मृतक का मोबाइल, कड़ा सहित खून से सने कपड़ेे और घटना में उपयोग की गई बाइक भी बरामद हुई। एसडीओपी प्रदीपसिंह रावत के निर्देश में गठित टीम में टीआई दिलीप गंगराड़े, सउनि शेख शकील, प्रधान आरक्षक मोहनलाल खटोरे, मानसिंह सोलंकी, लक्ष्मीकांत मीणा, आरक्षक आशीष अजनारे, अमित श्रीपाल, अशोक मीणा, दिनेश मंडलोई की भूमिका रही।
Published on:
29 Jul 2018, 11:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.