19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सड़क निर्माण टेंडर के साथ अब दोनों किनारों पर पौधे लगाने का प्रावधान

पर्यावरण हित में प्रदेश सरकार का फैसला, नगर निगम करेगा पालन

2 min read
Google source verification
indore

सड़क निर्माण टेंडर के साथ अब दोनों किनारों पर पौधे लगाने का प्रावधान

इंदौर. शहर में सड़क बनाना हो या फिर अन्य कोई विकास कार्य करना हो। सबसे पहले पेड़ों की ही बलि ली जाती है। विकास के नाम पर जितने पेड़ काटे जाते हैं, उतने पौधे लगाए नहीं जाते। नतीजतन पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, पेड़ों की संख्या तेजी से घट रही है। इस पर कमल नाथ सरकार ने पर्यावरण हित में यह निर्णय लिया है कि सड़क निर्माण टेंडर के साथ ही दोनों किनारों पर पौधे लगाने का भी प्रावधान किया जाएगा। इसका पालन नगर निगम भी करेगी और टेंडर शर्त में पौधे लगाने का प्रावधान करेगी।

प्रदेश सरकार ने नारा दिया है- हरा प्रदेश-कूल प्रदेश। सरकार ने जहां लोगों से आह्वान किया है कि वे इस मानसून में प्रदेश को हरा-भरा बनाने का संकल्प लें, वहीं हर नागरिक अपने आस-पास एक पौधा जरूर लगाए और उसके पेड़ बनने तक की जिम्मेदारी ले, उसका संरक्षण करे। मुख्यमंत्री कमल नाथ ने वन विभाग सहित सभी विभागों से वृहद पौधारोपण अभियान चलाने और उसे वृक्ष बनने तक की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा है। लगने वाले पौधों का हर साल सोशल ऑडिट भी होगा। सरकारी अमले को हिदायत दी है कि पौधारोपण अभियान सिर्फ आंकड़ों की बाज़ीगरी न हो।

...तो शहर में होगी खूब हरियाली
सरकार के इस निर्णय का पालन नगर निगम भी करेगा, क्योंकि वह शहर में कई जगह सड़कों का निर्माण कर रहा है। पौधे लगाने से जहां सड़कों पर हरियाली रहेगी, वहीं लोगों को छांव भी मिलेगी। निगम अफसरों ने सरकार के निर्णय को मान्य करने की बात तो कह दी, लेकिन अब देखना यह है कि इसका पालन कितना होता है। हालांकि निगम अभी सड़क के बीच डिवाइडर पर पौधे लगा रहा है, जो दिखने में आकर्षक लगते हैं पर छांव नहीं देते। शहर की ऐसी कई सड़कें हैं, जो पेड़ विहीन हैं और लोग गर्मी में बचने के लिए इन सड़कों पर छांव ढूंढते रहते हैं। सड़क किनारे पौधे लगाने का प्रावधान पूरी तरह से लागू हो जाए, तो सड़कें हरी-भरी नजर आने लगेंगीं और पेड़ कटाई से बिगड़ा पर्यावरण का संतुलन भी ठीक हो जाएगा।

वृहद स्तर पर पौधारोपण के आदेश
राज्य सरकार ने वन विभाग, नगर निगम, जिला प्रशासन, कृषि, ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा सहित अन्य विभागों को व्यापक पैमाने पर वर्षा ऋतु के दौरान पौधरोपण अभियान चलाने का आदेश दिया है। विद्यार्थियों और युवाओं को वृक्षों के महत्व और पर्यावरण में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा, ताकि वे पौधारोपण और वृक्षों की सुरक्षा के लिए संकल्पित हो सकें। मुख्यमंत्री ने पौधरोपण अभियान में जनभागीदारी के साथ ही सभी जन-प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने स्तर पर वृहद पौधरोपण करें, लोगों को प्रेरित करें। हर जन-प्रतिनिधि पौधरोपण करे और उन्हें वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी भी ले।

हां, पौधे लगाएंगे
पर्यावरण बचाने के हित में अगर राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि सड़कों के निर्माण के टेंडर के साथ ही दोनों किनारों पर पौधे लगाने का प्रावधान किया जाए, तो इसका पालन नगर निगम भी करेगी।
एनएस तोमर, अधीक्षण यंत्री, जनकार्य विभाग नगर निगम