
सिख समाज में गर्माई राजनीति... चुनाव का जमने लगा रंग
इंदौर। सिख समाज की अग्रणी संस्था श्री गुरुसिंघ सभा के चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है जिसके चलते समाज की राजनीति भी गरमा रही है। सभा पर काबिज होने के लिए बैताब पैनल खंब ठोक रही है। सारे दिग्गजों ने मैदान संभाल लिया है जिसके चलते वे समाज के सभी आयोजनों में बढ़ चढ़कर हिस्सा भी ले रहे हैं।
वैसे तो श्री गुरुसिंघ सभा के चुनाव हर तीन साल में होना चाहिए, लेकिन ऐसा होता नहीं है। पिछली बार सभा के चुनाव दिसंबर २०१२ में हुए थे जिसमें खंडा और खालसा पैनल के बीच मुकाबला हुआ था। रिंकू भाटिया के नेतृत्व वाली खंडा पैनल ने एक तरफा जीत दर्ज कराई थी। उसके पहले खालसा पैनल का राज हुआ करता था। चुनाव को एक दशक हो गया और विरोधी खेमा कई बार चुनाव की मांग कर चुका है, लेकिन सभा में काबिज संचालकों का कहना है कि खालसा कॉलेज और सभा के चुनाव साथ-साथ होना चाहिए। इधर, जमीन के जालसाज बॉबी छाबड़ा का कॉलेज पर कब्जा है और वे किसी कीमत पर चुनाव नहीं होने देना चाहते हैं।
इस बीच पिछले माह श्री गुरुसिंघ सभा के महासचिव राजा गांधी ने ऐलान कर दिया था कि जनवरी में चुनाव कराए जाएंगे। उसके बाद भी बात ठंडी हो गई थी, लेकिन पिछले दिनों अकाल तख्त के फरमान ने समाज की राजनीति को गरमा दिया। तख्त ने साफ कर दिया कि जल्द से जल्द चुनाव कराए जाना चाहिए। उसके बाद से माहौल गरमाया हुआ है। मध्यप्रदेश- छत्तीसगढ़ गुरुसिंघ सभा के अध्यक्ष मोनू भाटिया और उनकी टीम खासी सक्रिय है। समाज के हर आयोजन में वे बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे है।
आमतौर पर भूमिगत रहने वाले जमीन के जादूगर बॉबी छाबड़ा भी समाज के आयोजनों में नजर आ रहा है। वहीं, मौजूदा अध्यक्ष रिंकू भाटिया भी एक बार फिर मैदान में उतर आए हैं। गुरु गोबिंदसिंहजी के गुरु पुरब के कार्यक्रम में पहुंचकर उन्होंने सबको चौंका दिया। वहीं, महासचिव राजा गांधी भी सक्रिय हैं, लेकिन ये स्पष्ट नहीं है कि इस बार वे किसके साथ रहेंगे। चुनाव होते हैं तो मुकाबला रौचक होगा।
सभी चाहते हैं साथ में हो चुनाव
सिख समाज में एक बड़ा धड़ा ये चाहता है कि श्री गुरुसिंघ सभा के साथ में खालसा कॉलेज के भी चुनाव होना चाहिए। इसको लेकर मौजूदा सभा की कमेटी कई बार आंदोलन कर चुकी है जिसे समाज के बड़े वर्ग का समर्थन हासिल है। वे चाहती है कि जमीन के जादूगरी का अड्डा बना खालसा कॉलेज मुक्त होना चाहिए। बताया जा रहा है कि अकाल तख्त के पत्र पर श्री गुरुसिंघ सभा की तरफ से भी ये ही जवाब दिया गया है कि सभा के साथ में खालसा कॉलेज के भी चुनाव कराए जाना चाहिए।
Published on:
01 Jan 2023 10:53 am

बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
