24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Heavy rain in mp : बारिश से मची हाहाकार, पानी में बह गए लोग, नाव लेकर ढूंढा, 36 घंटे बारिश का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में अलग-अलग सिस्टम सक्रिय हैं।

2 min read
Google source verification
बारिश से मची हाहाकार, पानी में बह गए लोग, नाव लेकर ढूंढा, 36 घंटे बारिश का अलर्ट

बारिश से मची हाहाकार, पानी में बह गए लोग, नाव लेकर ढूंढा, 36 घंटे बारिश का अलर्ट

इंदौर. देश के पहले वाटर प्लस शहर में पानी ही पानी हो गया। 36 घंटे में पांच इंच बारिश से स्थिति हाहाकारी हो गई। जिम्मेदारों की नाकामी से शहर की जनता परेशान होती रही। कई बस्तियों में 4-4 फीट पानी भरा गया। पानी भरा होने से लोग घरों में भी ऊंचे स्थानों पर बैठे रहे। उधर, नालों में उफान से दो जिंदगियां दांव पर लग गईं। चंदन नगर और बाणगंगा क्षेत्र में एक युवक और एक महिला बह गई। बुधवार देर रात तक उनका पता नहीं चला था।

रात में बाणगंगा थाना क्षेत्र में महिला नाले में गिर गई। टीआइ राजेंद्र सोनी ने बताया, प्रीति जायसवाल (26) के नाले में गिरने की सूचना मिली है। एएसआइ दिनेश त्रिपाठी ने बताया, घर के पीछे से नाला गुजर रहा है। जानकारी मिली है कि दूसरी मंजिल पर रात के वक्त महिला बर्तन धो रही थी। पानी पीछे की तरफ फेंकते वक्त उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में जा गिरी। घटना के वक्त महिला के पास बच्चा होने की बात भी कही जा रही है। बच्चा तो वहीं गिर गया लेकिन महिला नाले में बह गई। बुधवार देर रात तक महिला की तलाश जारी थी।

लोगों को नाले से दूर करने वाला युवक बहा

चंदन नगर क्षेत्र से गुजर रहे नाले में बुधवार दोपहर युवक बह गया। टीआइ अभय नेमा के मुताबिक जफर (24) पिता जाकिर की तलाश जारी है। जानकारी मिली है कि दोपहर 2 बजे फ्रेंड्स कॉलोनी के समीप नाले के पास खड़े लोगों को हटाने जफर पहुंचा था। इस दौरान वह नाले में गिर गया। जफर के पिता जाकिर खान ने बताया, जफर का एक साल का बच्चा है। हर साल वह खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास नाले पर रस्सी बांधकर लोगों को जाने से टोकता था। एक बच्चा पानी में गिर गया था। बेटा उसे बचाने गया था। बच्चे को उसने बचा लिया, लेकिन खुद बह गया।

अगले 36 घंटे बारिश का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में अलग-अलग सिस्टम सक्रिय हैं। पूर्वी प्रदेश के साथ सौराष्ट्र पर भी एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके अलावा द्रोणिका भी राजगढ़, अहमदाबाद की ओर से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इससे अगले 36 घंटे तक बारिश होती रहेगी। इंदौर व आसपास के क्षेत्र में कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश के रेड व ऑरेंज अलर्ट है। मालवा-निमाड़ क्षेत्र के लिए अलर्ट घोषित किया गया है। 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, यह 20 अगस्त तक प्रदेश को तरबतर कर सकता है।