16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुर्लभ कश्यप गिरोह के बदमाशों ने बड़ी वारदात के लिए इंदौर बुलाया था हरियाणा के गैंगस्टर को

दो पिस्टल सहित पकड़ाया शूटर, दो हत्या में वाटेंड है बदमाश

2 min read
Google source verification
दुर्लभ कश्यप गिरोह के बदमाशों ने बड़ी वारदात के लिए इंदौर बुलाया था हरियाणा के गैंगस्टर को

दुर्लभ कश्यप गिरोह के बदमाशों ने बड़ी वारदात के लिए इंदौर बुलाया था हरियाणा के गैंगस्टर को

इंदौर. पुलिस ने हरियाणा के गैंगस्टर व शूटर को दो पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को उज्जैन के दुर्लभ कश्यप गैंग से जुड़े बदमाशों ने किसी वारदात के लिए बुलाकर यहां किराए के मकान में ठहराया था। आरोपी रोहतक व दिल्ली में हत्या करने के बाद से फरार था, उस पर 25 हजार का इनाम है।

बाहरी बदमाशों के शहर में सक्रिय होने के संबंध में पुलिस को सूचनाएं मिल रही थी। डीसीपी क्राइम निमिष अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस ने नजर रखी तो संदेही के पत्थर गोदाम रोड पर सक्रिय होने की जानकारी मिली। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए राहुल राठौर पिता राजबीर निवासी रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर 2 देसी पिस्टल ,26 कारतूस एवं 04 मैगजीन मिली। क्राइम ब्रांच थाने में केस दर्ज किया गया है।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी हरियाणा का गैंगस्टर है और कई गैंग के लिए शूटर का काम करता है। आपसी रंजिश में उसने रोहतक के बहुअकबरपुर में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें 5 हजार का इनाम घोषित है। साथ ही दिल्ली के द्वारका थाने के जाफरपुर कलन में भी हत्या के आरोप में उसकी तलाश है। दिल्ली पुलिस ने 20 हजार का इनाम घोषित किया है। सोनीपत, हरियाणा में हत्या के प्रयास के मामले में भी फरार है। पता चला कि दुर्लभ कश्यप गैंग के कुछ बदमाशों ने आरोपी को किसी वारदात के लिए यहां बुलाया था। कुछ समय यहां रहकर वापस चला गया, एक सप्ताह पहले दोबारा इंदौर आया था। दिल्ली व हरियाणा पुलिस को सूचना दी है। उसे बुलाने वाले बदमाशों की भी जांच की जा रही है।

बाहरी बदमाशों की शरणस्थली बना शहर

शहर बाहरी इलाके के बदमाशों की शरणस्थली बनता जा रहा है। कुछ समय पहले क्राइम ब्रांच ने बांसवाड़ा के दो बदमाशों तौसिफ और सोमिन शेख को खजराना इलाके से गिरफ्तार किया था। हफ्ता वसूली के लिए आरोपियों ने बांसवाड़ा के व्यापारी पर गोली चलाई थी। अन्य लोगों को धमकाने के बाद वे इंदौर आ गए थे। इसके पहले सितंबर 2022 में पुलिस के जसवीर पंगा़ गैंग के सात बदमाशोंं को 10 पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। हरियाणा के बदमाश बड़वानी के सिकलीगरों से हथियार खरीदकर भी ले जा चुके हैं।