नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 की शुरुआत कल यानी 9 अप्रैल से हो रही है। दो साल बाद IPL का अपने देश में आयोजन होने जा रहा है। कोरोना के कारण इस बार भी स्टेडियम में दर्शक नहीं होंगे। आईपीएल का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर के बीच चेन्नई में खोला जाएगा। मुंबई और बैंगलोर की टीम अपने मैच को लेकर पूरी तरह से तैयार है। लेकिन आईपीएल 2021 ओपनिंग से पहले मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है। मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी डी कॉक पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। अब मुंबई दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के बिना ही RCB के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। कोरोना वायरस के सख्त प्रोटोकॉल की वजह से डी कॉक आरसीबी के खिलाफ खेले जाने वाले मैच का हिस्सा नहीं बन सकते हैं। डी कॉक 7 अप्रैल को इंडिया पहुंचे हैं। बीसीसीआई ने पहले ही साफ कर दिया था कि विदेश से आने वाले खिलाड़ियों को इंडिया पहुंचने के बाद 7 दिन क्वारंटीन रहना होगा।