
छोटी लाइन चौराहे पर अघोषित रूप से ऑटो रिक्शा वालों ने स्टैंड बना लिया है।
सेमी एक्सपोज स्टोरी...
जबलपुर। छोटी लाइन चौराहे पर अघोषित रूप से ऑटो रिक्शा वालों ने स्टैंड बना लिया है। स्टैंड के चारों ओर सड़क पर इन वाहनों का जमावड़ा रहता है, जिससे यहां हमेशा जाम के हालात बन रहे हैं। जानकारों का कहना है कि चौराहे के लेफ्ट टर्न भी समाप्त हो गए हैं, जिससे पैदल चलने वाले व्यक्ति को सड़क से ही होकर जाना पड़ रहा है।
छोटी लाइन चौराहे पर रोटरी बनाने को लेकर किए गए प्रयोगों के बाद उसे मूर्त रूप दिया जा चुका है लेकिन उसके बाद भी यहां चौराहे के किनारों पर पूरी तरह से वाहन चालकों ने कब्जा करके रखा है। इसमें नगर निगम का जोन कार्यालय के सामने की जगह भी शामिल है, जहां वाहन खड़े किए जा रहे हैं।
सुबह-शाम जाम के हालात
चौक पर सुबह और शाम के समय भीड़ का दबाव बढ़ते ही जाम के हालात बन रहे हैं। इसमें गोरखपुर, मेडिकल मार्ग के किनारों पर हमेशा ऑटो खड़े ही रहते हैं। ऑटो की हालत यह रहती है कि ये आधे से ज्यादा सड़क पर कब्जा जमाए रहते हैं। इसमें यहां आने-जाने वाली मेट्रो बसों को भी सड़क पर ही खड़ा होना पड़ता है।
लेफ्ट टर्न गायब
चौराहे पर गोरखपुर-ग्वारीघाट मार्ग के किनारों पर लेफ्ट टर्न बनाया गया था। यहां शुरूआत में यातायात के बैरीकेड भी लगाए थे लेकिन समय के साथ-साथ इसे हटा दिया गया है। अब स्थिति यह हो गई है कि बेरीकेड हट जाने से यहां ऑटो चालकों को जगह मिल गई है और मोड़ से लेकर चौराहे की ओर ऑटो रिक्शा खड़े किए जा रहे हैं।
वर्जन-
ऑटो चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। चौराहे पर ऑटो रिक्शा अल्प समय के रोकने को कहा गया है। यहां ऑटो खड़े हो रहे हैं तो इन पर कार्रवाई की जाएगी।
अमृत मीणा, एएसपी, यातायात
Published on:
17 Oct 2019, 11:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.