
भंवरताल के पास वाहनों का लेफ्ट टर्न
जबलपुर. भंवरताल के पास वाहनों का दबाव कम करने के लिए बनाए गए लेफ्ट टर्न पर कब्जा हो गया है। यह कब्जा ऐसा है, जहां सुबह से लेकर रात तक अवैध रूप से चार पहिया वाहन पार्क किए जा रहे हैं। इन वाहनों में ज्यादातर टैक्सियां रहती हैं। इसके साथ यहां अन्य निजी वाहन पार्क हो रहे हैं। इससे इस टर्न का इस्तेमाल बंद हो गया है। यह अवैध पार्किंग जोन में तब्दील हो चुका है। जानकार कहते हैं कि इस जगह पर ऑटो रिक्शा से लेकर कारें खड़ी की जा रही है। इससे उद्यान की ओर का रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। रसल चौक की ओर से आने वाले वाहन चालक लेर्फ्ट टर्न को छोड़कर आगे से घूमकर टर्न हो रहे हैं, जिससे ये अन्य वाहनों की वजह से जाम में फंस रहे हैं या फिर इनकी सामने से आने वाले वाहनों की चपेट में आने की आशंका रहती है। इस टर्न के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत की गई है लेकिन उसके बाद भी ये जमावड़ा समाप्त नहीं हो सका। उधर, इस जगह पर ट्रैफिक पुलिस भी आती है लेकिन उसे इस अवैध पार्किंग से कोई सरोकार नहीं रहता है, जिससे इस जगह पर सतत वाहनों की भीड़ बढ़ती जा रही है। जानकार कहते हैं कि इस जगह की निगरानी नहीं होने से लेफ्ट टर्न के आगे ये वाहन सड़क तक खड़े किए जा रहे हैं, जिससे भीड़ के दबाव में यहां मुख्य रोड पर जाम के हालात बन रहे हैं।
Published on:
2 Mar 2024, 10:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.