
bjp MLA big statement about election 2018
जबलपुर। केंट विधानसभा क्षेत्र को बड़ी पहचान दादा ईश्वरदास रोहाणी ने दिलाई। 1993 के पहले तो इसे कोई जानता भी नहीं था। कांग्रेस के राज में सडक़ें ऊबड़-खाबड़ थीं। नालियां बजबजाती थीं। रांझी को पिछड़ा माना जाता था। लेकिन, अब ऐसा नही हैं। विरोधी कुछ भी कहते रहें, पर सच्चाई जनता जानती है। केंट विधायक अशोक रोहाणी ने शनिवार को पत्रिका अदालत में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जनता मौका देगी तो क्षेत्र के उत्तरोत्तर विकास के लिए और भी प्रयास किए जाएंगे।
news facts- पत्रिका चुनावी अदालत में पेश हुए केंट विधायक अशोक रोहाणी
प्रश्न : अस्पताल तो है, पर इलाज की बेहतर व्यवस्था नहीं है?
जवाब : रांझी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हुई हैं। चिकित्सकों और स्टाफ की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
प्रश्न : क्षेत्र में रोजगार की कमी बड़ा मुद्दा है। इसका निराकरण कैसे करेंगे?
जवाब : निश्चित रूप से विकास के दूसरे काम तो बेहतर हुए हैं। रोजगार के साधन विकसित हों, इसके लिए मोहनिया में औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण कराया जाएगा। जगह का चयन हो चुका है।
प्रश्न : केंट बोर्ड में मतदाता सूची से 24 हजार नाम कट गए, आपने कुछ नहीं किया।
जवाब : इस विषय पर शुरू से लड़ता रहा हूं। केंट बोर्ड प्रशासन हो या सेंट्रल कमांड लखनऊ , सभी जगह बात की। सांसद के माध्यम से भी इस विषय को केंद्र सरकार तक पहुंचाया है।
प्रश्न : परियट से आधे शहर की प्यास बुझती है। आपके क्षेत्र में जलसंकट है?
जवाब : अल्प बारिश के कारण रांझी, मानेगांव और दूसरे इलाकों में कुछ समस्या हुई थी। अब स्थिति ऐसी नहीं है। 48 बोर भी कराए हैं। पानी की 20 टंकियां बनाई जा रही हैं।
प्रश्न : केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार है। फिर भी सिविल एरिया के विस्तार पर गंभीर प्रयास नहीं हुए।
जवाब : केंट में सिविल एरिया के विस्तार की आवश्यकता है। इसके लिए राज्य शासन की ओर से सैन्य प्रशासन को लीज पर दी गई जमीन की अदला-बदली पर चर्चा चल रही है। जल्द ही मामला सुलझ जाएगा।
प्रश्न : आप विकास की बात करते हैं, लेकिन ज्यादातर क्षेत्र में आयुध निर्माणियां और केंट बोर्ड काम करता है?
जवाब : ऐसा नहीं है। जहां भी जरूरत होती है, वहां विकास कार्य कराए जाते हैं। कांग्रेस ने तो क्षेत्र में कोई काम नहीं किया।
प्रश्न : अगर फिर विधायक बने तो पांच साल के लिए क्या प्लान है?
जवाब : वैसे तो मैं हमेशा काम करता रहा हूं। फिर भी अगले पांच साल के लिए जो बड़े प्रोजेक्ट हैं, उनके बारे में पहले ही बता चुका हूं। मोहनिया में औद्योगिक क्षेत्र बनाया जाएगा। एक आइटीआइ कॉलेज की स्थापना कराई जाएगी, ताकि क्षेत्र के बच्चों को तकनीकी शिक्षा के लिए शहर न जाना पड़े। सिविल एरिया का विस्तार और रांझी क्षेत्र में बकाया कामों को पूरा करूंगा।
Published on:
26 Nov 2018 03:07 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
