
जबलपुर। 'बच्चों मैं बोर्ड पर कुछ सवाल लिख रहा हूं, आओ तुम सोल्व करो,Ó लेकिन कोई बच्चा गणित के सवालों को सोल्व नहीं कर पाया। कुछ ऐसा ही नजारा था शहर के कुंडम तहसील के फीकरी गांव स्थित एक सरकारी स्कूल का। जहां कलेक्टर ने स्कूल का औचक निरीक्षण ही नहीं किया, बल्कि वे खुद टीचर बन गए और बोर्ड पर सवाल लिख बच्चों की पढ़ाई का भी जायजा ले लिया। स्कूल के साथ ही शिक्षा की हालत बदतर देख नाराज हुए कलेक्टर ने न केवल स्कूल के प्रिंसिपल का प्रभार ले लिया। बल्कि कुछ शिक्षकों की वेतन वृद्धि पर भी रोक लगा दी।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर कलेक्टर डॉक्टर इलैयाराजा टी बुधवार को अचानक कुंडम तहसील के फीफरी गांव में स्थित शासकीय माध्यमिक शाला पहुंच गए। स्कूल पहुंचते ही उन्होंने वहां छात्रों से बात की। इतना ही नहीं कलेक्टर बच्चों के सामने टीचर बन गए और उन्होंने अपने हाथों में चॉक लेकर बोर्ड पर गणित के कुछ सवाल लिखकर छात्रों को हल करने के लिए दिए। लेकिन कोई भी छात्र सवालों को हल नहीं कर पाया। लिहाजा कलेक्टर ने स्कूल में पदस्थ शिक्षकों पर कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को तुरंत ही पद से हटा दिया, जबकि तीन टीचरों की वेतन वृद्धि रोक दी।
ऐसे दिखाई नाराजगी
कलेक्टर ने स्कूल की मूलभूत सुविधाओं के साथ शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर काफी नाराजगी दिखाई। तिलसानी स्कूल में पदस्थ दो शिक्षिकाओं वह एक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि प्रभारी प्राचार्य का प्रभार लेने सहित एक कंप्यूटर ऑपरेटर की सेवा समाप्ति के निर्देश भी जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
इन पर कार्रवाई के निर्देश
स्कूल में क्लास अव्यवस्थित, छात्र की उपस्थिति बहुत कम मिलने, बाथरूम गंदा होने, विद्यालय परिसर में गदंगी और बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर भागवती कुंजाम माध्यमिक शिक्षक एवं रंजना प्रजापति माध्यमिक शिक्षक को एक दिन का वेतन राजसात करने का आदेश जिला शिक्षा अधिकारी जबलपुर को दिया। साथ ही संस्था में प्रभारी प्राचार्य अर्चना यादव उच्च माध्यमिक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। प्रभारी प्राचार्य को प्रभार से मुक्त करते हुए रीता चौबे उच्च माध्यमिक शिक्षक को प्रभारी प्राचार्य का दायित्व सौंपे जाने का आदेश जारी किया गया। भारत सिंह तेकाम भृत्य को अपने दायित्वों का निर्वहन में लापरवाही बरतने पर दो वेतनवृद्धि रोकने का आदेश जारी किया गया।
इन्हें दिया कारण बताओ नोटिस
शासकीय हाईस्कूल तिलसानी में पदस्थ कमल सिंह मरकाम उच्च श्रेणी शिक्षक के शाला में हस्ताक्षर करने के बाद गायब होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। राहुल द्विवेदी आउटसोर्स डाटा ऑपरेटर शासकीय हाई स्कूल तिलसानी कुण्डम के द्वारा कार्य में लापरवाही एवं बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर सेवा समाप्ति करने के लिए पत्र लिखा गया। शासकीय प्राथमिक शाला फिफरी में पदस्थ कल्पना सिंह प्राथमिक शिक्षक के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन कटौती करने आदेश जारी किए गए।
Updated on:
20 Oct 2022 01:38 pm
Published on:
20 Oct 2022 01:18 pm

बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
