जबलपुर के केंद्र से 13 किमी दूर भेड़ाघाट रोड पर तेवर गांव स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर में मां महाकाली, मां महालक्षी और मां सरस्वती की विशाल मूर्ति एक साथ विराजमान हैं।
जबलपुर। विश्व प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर के पट आठ जून से खुलेंगे। माता के भक्त सुबह आठ बजे से 11.45 बजे तक दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद 45 मिनट के लिए पट बंद होगा। दोपहर 12.30 बजे से शाम 6.45 बजे तक पट खोले जाएंगे। इसके बाद भोग के लिए 15 मिनट तक पट बंद रहेंगे। रात सात बजे से नौ बजे तक भक्त पुन: माता के दर्शन और पूजन कर सकेंगे। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। जिला प्रशासन की ओर से दर्शनार्थियों के आने-जाने और सुरक्षा व्यवस्था के सम्बंध में आज निर्देश जारी किए जाएंगे।
धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र
विश्व प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर जबलपुर से लगभग 13 किमी दूर भेड़ाघाट रोड पर तेवर गांव में स्थित है। मंदिर में मां महाकाली, मां महालक्षी और मां सरस्वती की विशाल मूर्ति एक साथ विराजमान हैं। प्रमुख आकर्षण होने के अलावा इस मंदिर को काफी पवित्र माना जाता है। यह धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है।
11वीं शताब्दी में हुआ निर्माण
11वीं शताब्दी में बने इस मंदिर के बारे में कहा जाता है कि यहां जो मूर्ति है वह धरती के अंदर से प्रकट हुई थी। पूरे साल यहां हजारों की संख्या में पर्यटक आते हैं। 10 दिवसीय दुर्गा पूजा या दशहरा उत्सव के दौरान यहां भारी भीड़ उमड़ती है। संतों और धार्मिक गुरुओं में त्रिपुर सुंदरी मंदिर विशेष स्थान रखता है।