
जमीन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को आवंटित
जबलपुर. मध्यप्रदेश की पहली फिल्म सिटी महाकोशल में बनने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इसके लिए नर्मदा के बांध के लिए प्रसिद्ध बरगी में 500 एकड़ जमीन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को आवंटित की गई है। अब जल्द फिल्म निर्माण से जुड़ी कंपनियों व इंवेस्टर्स को बुलाकर फिल्म सिटी के निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी। पहले भी खूबसूरत लोकेशन और सुविधा के चलते जबलपुर फिल्म निर्माताओं के लिए पसंद रहा है अब फिल्म सिटी के निर्माण की कोशिशें शुरू होने से प्रदेश व स्थानीय कलाकारों के लिए मौके बढ़ेंगे।
जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सीईओ हेमंत कुमार सिंह ने बताया राज्य शासन द्वारा बरगी के तिन्सा, तिन्सी और गजना गांव में 170 हेक्टेयर जमीन मप्र टूरिज्म बोर्ड को हस्तांतरित की गई है।
यह जमीन फिल्म सिटी में उपयोग के अनुसार तय की गई है। इसमें जल स्रोत, जंगल, पहाड़ के साथ वे सभी खूबियां मौजूद हैं जो एक फिल्म सिटी के लिए जरूरी होती है। इसके बनने से स्थानीय फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को भी फायदा होगा, साथ ही शूटिंग होने से टूरिज्म सेक्टर में भी उछाल आएगा।
जल्द होगी फिल्म सिटी इंवेस्टर्स मीट
फिल्म सिटी बनाने के लिए मुंबई, हैदराबाद, बैंगलुरु समेत देश की नामी इंटरटेनमेंट कंपनियों के इंवेस्टर्स को बुलाया जाएगा। इसके लिए जबलपुर में दो दिवसीय फिल्म सिटी इंवेस्टर्स मीट आयोजित की जानी है जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इंवेस्टर्स मीट में एक दिन सेमीनार होगा. इसमें शहर में फिल्म सिटी बनाने वालों के साथ उन्हें मिलने वाली सुविधाओं समेत अन्य जानकारियां दी जाएंगी। दूसरे दिन फिल्म सिटी साइट का भ्रमण कराया जाएगा। जो इन्वेस्टर्स जहां जगह पसंद करेगा उसे काम के अनुसार जमीन आवंटित की जाएगी। फिल्म सिटी का फिल्म इंडस्ट्रीज के इंवेस्टर्स स्वयं संचालन करेंगे। इस मीट में जबलपुर के इंवेस्टर्स भी शामिल होकर अपने प्रस्ताव रख सकते हैं।
इसलिए है महत्वपूर्ण
फिल्म सिटी जबलपुर के लिए बहुत महत्वपूर्ण योजना साबित होगी। इसके बनने से शहर ही नहीं बल्कि आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य, शहरी व ग्रामीण विकास को फिल्मों व सीरियल्स में दिखाने का मौका मिलेगा। जिसका सीधा फायदा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इस उद्योग से जुड़े लोगों के साथ आमजनों को भी मिलेगा।
ये होंगे निर्माण
फिल्म सिटी क्षेत्र में शूटिंग.रिकॉर्डिग स्टूडियो, टेक्निकल ऑफिस, एक्टिंग स्कूल, ओपन शूटिंग साइट्स के साथ फिल्म क्षेत्र की अन्य सुविधाओं का निर्माण होगा।
कहां कितनी जमीन मिली
ग्राम तिन्सी 81.180 हेक्टेयर
ग्राम तिन्सा 24.530 हेक्टेयर
ग्राम गजना 62.920 हेक्टेयर
Published on:
15 Nov 2022 10:38 am
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
