20 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गोमाता का शृंगार कर किया पूजन, अहीरों ने गाई दीवारी

गोवर्धन पूजन पर्व पर शहर में जगह-जगह हुए आयोजन, चेरीताल में गायें नाचीं, यादव समाज का मिलन समारोह हुआ

2 min read
Google source verification
गोवर्धन पूजन पर्व पर शहर में जगह-जगह हुए आयोजन, चेरीताल में गायें नाचीं

गोवर्धन पूजन पर्व पर शहर में जगह-जगह हुए आयोजन, चेरीताल में गायें नाचीं, यादव समाज का मिलन समारोह हुआ

जबलपुर। गोवर्धन पर्व बुधवार को मनाया गया। इस मौके पर गोवंश को सजाया गया। वहीं कुछ स्थानों पर गोवंश को ढोल की थाप पर नचाया गया। बछड़ों को भी रंग बिरंगे कपड़ों, मोर पंखों से सजाया। जिलेभर में सुख समृद्धि व उन्नति की प्रतीक गो माता का विधिवत पूजन किया गया।
सजी धजी गायें गली, घर-आंगन से गुजरते हुए चेरीताल मुख्य मार्ग में पहुंचीं। जहां ढोल की थाप पर उनके पालकों ने उन्हें नचाया। ग्वाले भी उनके साथ नाचते गाते रहे। गायों का रंभाना शुभ माना जाता है, नचाते हुए गायें रंभाते हुए सभी को आशीर्वाद देती रहीं।
सदियों पुरानी परम्परा
गोवर्धन पूजा के सदस्य संदीप यादव ने बताया यादव समाज अपने आराध्य भगवान श्रीकृष्ण और गो माता की कृपा के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए गोवर्धन पूजा करते आ रहा है। यह सदियों पुरानी परम्परा आज भी जारी है। चेरीताल में स्थानीय ग्वालवालों समेत यादव समाज के वरिष्ठजनों की उपस्थिति में गो एवं गोवर्धन पूजा की गई। अहीरों की टोलियों ने दिवारी गाते हुए शहर के लिए मंगल कामना की। गायों, भैसों व अन्य पालतू पशुओं को सजा संवारकर ढोल नगाड़ों के बीच उन्हें नचाया गया। लोगों ने एक दूसरे को तिलक लगाया।
आदर्श नगर में पूजन
परीवा पर्व पर बुधवार को आदर्श नगर कटंगा नर्मदा रोड में यादव समाज ने गोवर्धन पूजा और लाठी शेला के खेल का आयोजन किया। अर्जुन यादव, प्रकाश धनगर खलीफा, राजेंद्र यादव खलीफा, दुलीचंद यादव, संतोष यादव उपस्थित थे।
खीर का लगाया भोग
गोवर्धन पूजन के अवसर पर बुधवार को घरों के आंगन में गोबर से गोवर्धन की आकृति व आसपास ग्वालवाल, पेड़-पौधों की आकृति बनाकर पूजन किया गया। इसके साथ भगवान श्रीकृष्ण व गायों का भी पूजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण को पंचामृत और पकवानों का भोग लगाया गया। दूध-भात या खीर का भी भोग लगाया गया। गायों को गुड़-गक्कड़ खिलाई गई। सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। शुक्रवार को संस्कारधानी में भाई दूज पर्व मनाया जाएगा।
भगवान को लगाए 56 भोग
हरे कृष्णा आश्रम भेड़ाघाट में गोवर्धन अन्नकूट पूजन के अवसर पर छप्पन भोग अर्पित किए गए। गो माता का पूजन कर पकवान खिलाए गए। इसके साथ ही साथ वृंदावन धाम से पूजित मोर पंख का वितरण किया गया। आश्रम भेड़ाघाट के संस्थापक स्वामी रामचंद्र दास महाराज की उपस्थिति में सुबह 11 से 2 बजे तक भगवान राधा कृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस मौके पर सुनील देव, डॉ. अखिलेश गुमास्ता,शरद अग्रवाल, विद्यासागर दुबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। डॉ. सुधीर अग्रवाल के अनुसार अन्नकूट में बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गिरिराज पर्वत का हुआ पूजन
वारीघाट में गोर्वधन पूजन के अवसर पर हनुमान मंदिर में भगवान गिरीराज पर्वत का पूजन किया गया। स्वामी अखिलेश्वरानंद, साध्वी शिरोमणि दीदी के सान्निध्य में आयोजन हुआ। संयोजक निशा ओंकार दुबे ने बताया कि यहां अनेक वर्षों से भगवान गिरीराज पर्वत का पूजन हो रही है। इस मौके पर अनिता पांडे, शीतल पांडे, पुस्कल चौधरी कमला ठाकुर आराधना चौहान आदि उपस्थित थे।